
बांग्लादेश में एक बार फिर राजनीतिक हिंसा ने खतरनाक रूप ले लिया है। राजधानी ढाका से लेकर गोपालगंज और चटगांव तक आगजनी, बम धमाकों और हमलों की खबरें सामने आ रही हैं। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए हैं कि सुरक्षा एजेंसियों को कई जिलों में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात करने पड़े हैं। हिंसा की चपेट में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मोहम्मद यूनुस का पैतृक घर और उनके ग्रामीण बैंक की शाखाएं भी आ गई हैं।
इस बार हिंसा की वजह पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी की मांग और उनकी पार्टी अवामी लीग का देशव्यापी लॉकडाउन का ऐलान है। 19 नवंबर को बुलाए गए इस लॉकडाउन से पहले ही कई इलाकों में हिंसक घटनाएं शुरू हो गईं। पुलिस के मुताबिक, देश के 28 जिलों में देसी बम धमाके और गाड़ियों में आग लगाने की घटनाएं हुई हैं। ऐसे में सवाल है कि आखिर बांग्लादेश में फिर से हिंसा क्यों भड़क उठी है और क्या देश एक नए राजनीतिक संकट की तरफ बढ़ रहा है?
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में बुधवार रात और गुरुवार सुबह कई जगहों पर देसी बम धमाकों की खबरें आईं। इसके अलावा बसों और दूसरी गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया। ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। पुलिस ने शहर के प्रमुख फ्लाईओवर और आने-जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है और मोटरसाइकिल सवारों से पूछताछ हो रही है।
बांग्लादेश के 64 प्रशासनिक जिलों में से कम से कम 28 जिलों में पिछले दिनों हिंसा और बम धमाकों की घटनाएं दर्ज की गई हैं। गोपालगंज में प्रदर्शनकारियों ने तुंगीपारा पुलिस स्टेशन पर हमला किया और पुलिस की गाड़ियों में आग लगा दी। इस दौरान पुलिस चौकी में तोड़फोड़ भी हुई। पुलिस और चश्मदीदों के मुताबिक, इन घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं।
फरीदपुर, पिरोजपुर और नराइल में भी राजनीतिक झड़पों ने हिंसक रूप ले लिया। अलग-अलग घटनाओं में एक बीएनपी नेता, एक परिवहन कर्मचारी और नराइल में दो स्थानीय राजनीतिक नेताओं की मौत की खबर है। पिरोजपुर में बस में आग लगाए जाने से एक कर्मचारी की जान चली गई।