KAZIND-2026 सैन्य अभ्यास में भारत और कजाकिस्तान के सैनिक ओस्केमेन में युद्ध कौशल, सामरिक तालमेल और इंटरऑपरेबिलिटी बढ़ा रहे हैं. इस अभ्यास में फिजिकल ट्रेनिंग, टैक्टिकल नेविगेशन और योग शामिल है.

भारत और कजाकिस्तान के बीच KAZIND-2026 सैन्य अभ्यास कजाकिस्तान के ओस्केमेन में पूरी तेजी से चल रहा है. ये अभ्यास 28 सितंबर से शुरू हुआ था जो 11 अक्टूबर तक चलेगा. इस अभ्यास में दोनों देशों के सैनिक कॉम्बैट स्किल, रणनीतिक तालमेल और इंटरऑपरेबिलिटी बढ़ाने के लिए साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं. भारतीय दल में मुख्य रूप से गढ़वाल राइफल्स की एक बटालियन के जवान, अन्य सैन्य बलों के जवान और भारतीय वायु सेना के जवान शामिल हैं.
जानकारी के मुताबिक अभ्यास के दौरान दोनों सेनाओं के जवानों ने जॉइंट फिजिकल ट्रेनिंग और स्पोर्ट्स एक्टिविटीज में हिस्सा लिया. इससे फिटनेस के साथ दोनों टुकड़ियों के बीच टीम स्पिरिट और आपसी तालमेल मजबूत हुआ.
कठिन इलाके में Tactical Navigation
अभ्यास के दौरान अखमीरोवो ट्रेनिंग एरिया में टैक्टिकल नेविगेशन एक्सरसाइज कराई गई. इसमें सैनिकों ने अलग-अलग तरह के इलाके में दिशा पहचानने, सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ने और मिलकर ऑपरेशन करने की क्षमता को परखा. इसके अलावा दोनों देशों के सैनिकों ने हथियारों की हैंडलिंग, टैक्टिकल ट्रेनिंग, स्मॉल आर्म्स लाइव फायरिंग और कंबाइंड कॉम्बैट एक्सरसाइज में भी हिस्सा लिया.
साथ किया योग, मजबूत हुई दोस्ती
वहीं भारतीय सैनिकों ने अपने कजाख साथियों के साथ जॉइंट योग सेशन भी किया. योग के जरिए दोनों देशों के सैनिकों को एक-दूसरे से बातचीत और मेलजोल का मौका मिला, जिससे आपसी विश्वास और दोस्ती और मजबूत हुई.
भारत-कजाकिस्तान रक्षा सहयोग को मजबूती
KAZIND-2026 का मकसद सिर्फ सैन्य अभ्यास नहीं, बल्कि दोनों सेनाओं के बीच एक-दूसरे की रणनीति, युद्ध तकनीक और ऑपरेशनल प्रक्रियाओं को समझना भी है. अभ्यास के दौरान दोनों सेनाएं अपने अनुभव और बेहतर सैन्य तरीकों को साझा कर रही हैं. इससे भविष्य में संयुक्त अभियानों के दौरान दोनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने में मदद मिलेगी.
भरोसे और दोस्ती को भी नई मजबूती
KAZIND-2026 भारत और कजाकिस्तान के लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग को मजबूत करने के साथ दोनों देशों की सेनाओं के बीच भरोसे और दोस्ती को भी नई मजबूती दे रहा है.
ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है।


