Featured Image

महाराष्ट्र के नासिक जिले के येवला शहर में प्रेम विवाह से नाराजगी के चलते एक शादी समारोह में जमकर हंगामा हुआ. आरोप है कि दुल्हन पक्ष के कुछ रिश्तेदार डीजल के कैन लेकर समारोह में पहुंचे और दूल्हे व उसके रिश्तेदारों पर डीजल डालकर उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की. इस दौरान शादी में आए लोगों के साथ मारपीट भी की गई. घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया.

येवला शहर के ऋषभ दीपक भगुंडे का नासिक जिले की निफाड़ तहसील के रामपुर नैताले की रहने वाली एक युवती के साथ प्रेम संबंध था. दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन उनके इस फैसले से युवती के रिश्तेदार नाराज थे.

दोनों ने परिवार की मर्जी के बिना घर से भागकर सितंबर महीने में हिंदू विवाह कानून के तहत पंजीकृत विवाह किया था. इसके बाद दोनों ने शादी की जानकारी अपने परिचितों और रिश्तेदारों के बीच साझा की. इसी सिलसिले में येवला शहर में पारंपरिक रीति-रिवाज से शादी समारोह आयोजित किया गया था.

शादी समारोह में डीजल के कैन लेकर पहुंचे रिश्तेदार

जानकारी के मुताबिक, येवला शहर के एक लॉन में दूल्हे के रिश्तेदारों की मौजूदगी में शादी समारोह चल रहा था. इसी दौरान युवती के कुछ रिश्तेदार कथित तौर पर डीजल के कैन लेकर वहां पहुंच गए. आरोप है कि प्रेम विवाह से नाराज इन लोगों ने दूल्हे और उसके रिश्तेदारों पर डीजल डालकर उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की.

इस घटना से समारोह में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. आरोपियों ने शादी में आए कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की. ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। अचानक हुए इस हंगामे से शादी समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया.

दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट

डीजल डालने और मारपीट की कोशिश के बाद दूल्हे के रिश्तेदारों ने विरोध किया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और जमकर मारपीट हुई. समारोह में मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. अब घटना के वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चा हो रही है.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला

घटना की जानकारी मिलते ही येवला शहर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया. पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

इस मामले में पुलिस निरीक्षक संदीप मंडलिक ने बताया कि घटना के संबंध में दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के दौरान किसकी क्या भूमिका रही और आरोपों में कितनी सच्चाई है.