Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया इलाके में सोमवार को एक दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के ऊपर संचालित कोचिंग सेंटर तक पहुंच गई और वहां मौजूद छात्रछात्राएं व अन्य लोग इमारत में फंस गए. घटना के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए छज्जों व छतों से कूदने को मजबूर हो गए.

धुएं और लपटों से घिरी पूरी इमारत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के कुछ ही मिनटों में धुएं और आग की लपटों ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया. कोचिंग सेंटर में मौजूद छात्रों के फंसने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी राहत कार्य में जुट गए. कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए आसपास के लोगों ने तत्काल मदद पहुंचाई.
फायर ब्रिगेड और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गई. फायर ब्रिगेड कर्मी आग पर काबू पाने और इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटे रहे. प्रशासन की ओर से लगातार राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है.
डीएम ने मौके पर संभाली कमान
लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर भी घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की. अधिकारियों से लगातार जानकारी लेते हुए उन्होंने राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए. प्रशासन द्वारा हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.
मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. सीएम योगी ने राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का आदेश दिया है. साथ ही अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने और राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.

