Nagpur Woman Assault Case: नागपुर जिले के वर्धा रोड स्थित एक होटल में बुलाकर विवाहित महिला को कथित रूप से नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किए जाने और धर्मातरण के लिए दबाव डालने के मामले में सोनेगांव पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला कि पिछले 8 महीने से विवाहिता का शोषण किया जा रहा था। इस मामले में तामिया, छिंदवाड़ा का मौलाना हजरत अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

छानबीन में जुटी पुलिस
पीड़िता की शिकायत के बाद रविवार को यह मामला सामने आया। पकड़े गए आरोपियों में ब्राम्हणी फाटा, कलमेश्वर निवासी अयाज ताज मदारे और आमीन शेख का समावेश है। न्यायालय ने दोनों को 5 दिन की पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिए हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि विवाहिता की तरह ही और भी महिलाओं को आरोपियों ने अपने जाल में फंसाया या नहीं।
धर्म परिवर्तन का दबाव, ब्लैकमेलिंग और उगाही का आरोप; जांच तेज
प्रारंभिक जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। सूत्रों के अनुसार महिला का शोषण पिछले 8 महीनों से किया जा रहा था। कुछ दिन पहले छिंदवाड़ा जिले के तामिया क्षेत्र के मौलाना ने महिला पर कलमा पढ़कर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया था। धर्मांतरण नहीं करने पर उसके साथ बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो पर वायरल करने की धमकी दी जा रही थी।
आरोपियों ने महिला से करीब 3 लाख रुपये की उगाही भी की। मौलाना की गिरफ्तारी के लिए की टीम तामिया में डेरा डाले हुए है। स्थानीय पुलिस की मदद से उसके संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है।



