
जबलपुर मध्यप्रदेश के जबलपुर के गोरखपुर थाना इलाके से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, अपनी जिंदगी की परेशानियों से जूझ रही 28 साल की महिला नौकरी की तलाश में जबलपुर आई थी। उसने सोचा था कि यहाँ आकर वह अपने और अपने बेटे के भविष्य के लिए कुछ बेहतर कर पाएगी, लेकिन यहाँ उसकी मुलाकात एक ऐसे शख्स से हो गई जिसने भरोसे का गला घोंटते हुए उसे अपने जाल में फंसा लिया।
पति से अनबन के बाद नेपियर टाउन में हुई थी मुलाकात
पूरी घटना के बारे में पता चला है कि महिला की अपने पति के साथ अनबन चल रही थी और बात तलाक तक पहुँच चुकी थी। पति की प्रताड़ना से तंग आकर वह अपने बच्चे की अच्छी परवरिश और नौकरी की आस में जबलपुर आ गई थी। इसी दौरान नेपियर टाउन इलाके में स्थित एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में उसकी पहचान वहाँ के प्रबंधक (मैनेजर) सचिन गुप्ता से हो गई। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत बढ़ने लगी और मैनेजर ने उसके दुख-दर्द को अपना बनाकर उसके करीब आना शुरू कर दिया।
शादी का झांसा देकर किराए के मकान में रखा
आरोप है कि सचिन ने महिला से प्यार का नाटक किया और उससे शादी करने की इच्छा जताई। उसने बड़े-बड़े वादे किए और कहा कि जैसे ही उसका पति से तलाक हो जाएगा, वह उससे ब्याह रचा लेगा। आखिरकार साल 2022 में जब महिला का तलाक हो गया, तो सचिन ने उसे गौरीघाट रोड पर एक किराए का मकान दिलवा दिया। वह उसे उसी घर में अपनी पत्नी की तरह रखने लगा। इस दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन जब भी महिला उससे सच में शादी करने की बात कहती, तो वह हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर बात को टाल देता और घर वालों से बात करने का झूठा भरोसा देता रहता।
4 अक्टूबर को शादी से साफ मुकरा आरोपी
मामला तब पूरी तरह बिगड़ गया जब महिला ने उस पर शादी करने के लिए कड़ा दबाव बनाया। पुलिस के मुताबिक, बीते 4 अक्टूबर को आरोपी सचिन ने फोन पर न सिर्फ महिला के साथ बहुत बदतमीजी की, बल्कि उसके चरित्र पर भी गंदे सवाल उठाए और शादी करने से साफ इनकार कर दिया। जब इस धोखे के बाद महिला का सब्र टूट गया, तो उसने हिम्मत जुटाई और सीधे गोरखपुर थाने पहुँचकर आरोपी के खिलाफ अपनी शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
इस शिकायत के मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। गोरखपुर पुलिस ने कांचघर इलाके के रहने वाले आरोपी मैनेजर सचिन गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने और किस तरह से महिला को प्रताड़ित किया है।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि कैसे कुछ लोग भरोसे का फायदा उठाकर मासूमों की जिंदगी बर्बाद कर देते हैं।



