Featured Image

Pregnant Wife Killed Husband Over Reel Dispute: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के भीरा थाना क्षेत्र के पल्हनापुर गांव से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पारिवारिक रिश्तों से भरोसा उठा दिया है. शादी के महज आठ महीने ही बीते थे और घर में चार महीने की गर्भवती पत्नी की किलकारियां गूंजने वाली थीं, लेकिन एक शौक ने हंसते-खेलते परिवार को मातम में बदल दिया. पत्नी के आधुनिक शौक और पति के विरोध ने घर में ऐसा विवाद छेड़ा कि गुस्से में अंधी पत्नी ने मायके फोन करके भाई और दोस्तों को बुला लिया. नशे में धुत होकर आए ससुराल वालों ने लाठी-डंडों से पति की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया. इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.

8 महीने की शादी में छिड़ती रही जंग, मायके वालों ने किया कांड

पल्हनापुर गांव के रहने वाले 22 वर्षीय पंकज और रोशनी की शादी महज आठ महीने पहले ही हुई थी. रोशनी को सोशल मीडिया पर वीडियो और रील्स बनाकर अपलोड करने का शौक था, जिसे लेकर पति पंकज अक्सर आपत्ति जताता था और उसे रोकता था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार की रात इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हुई, जो धीरे-धीरे उग्र विवाद में तब्दील हो गई और बात जानलेवा मोड़ पर आ पहुंची.

विवाद बढ़ने पर पत्नी रोशनी ने अपने परिजनों को फोन करके फौरन घर बुला लिया. सूचना मिलते ही उसका भाई सुनील कुमार अपने तीन दोस्तों (अजित, जगदीश और शिवम) के साथ नशे की हालत में पल्हनापुर गांव पहुंच गया. बहन के उकसाने पर इन सभी ने मिलकर पंकज पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. घरवाले और पड़ोसी जब तक बीच-बचाव करते, तब तक पंकज गंभीर रूप से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर चुका था.

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

हमले के बाद परिजनों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल पंकज को बिजुआ सीएचसी (CHC) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक के भाई राकेश की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी रोशनी, उसके भाई सुनील और तीन अन्य साथियों सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ हत्या की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है. ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है.

चार महीने की गर्भवती पत्नी और उजड़ता संसार

इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि मृतक पंकज की पत्नी रोशनी वर्तमान में चार महीने की गर्भवती है. जिस बच्चे का इस दुनिया में अभी आना बाकी था, उसके सिर से जन्म से पहले ही पिता का साया उठ गया है. मामूली जिद, शराब के नशे और सोशल मीडिया के इस पागलपन ने एक परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया है, जिससे पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है.