
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सास की मौत के बाद एक दामाद पर अपनी ही नाबालिग समेत चार सालियों का यौन शोषण करने और उनका पैतृक मकान बेचकर पूरी रकम हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि जब पीड़ित बहनों ने अपने जीजा की इन हरकतों की शिकायत अपनी सबसे बड़ी बहन से की तो आरोप है कि उसने भी बहनों की मदद करने के बजाय अपने पति का ही साथ दिया। ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपी बहनोई को गिरफ्तार कर लिया है।
मां की मौत का उठाया फायदा, पहले घर बुलाया फिर बेचा पैतृक मकान
कोतवाली में गुरुवार को दी गई तहरीर में पीड़िता ने बताया कि साल 2024 में उनकी मां का निधन हो गया था। मां के जाने के बाद नाबालिग समेत चारों बहनें अकेली पड़ गईं और मानसिक व आर्थिक तंगी से जूझने लगीं। आरोप है कि इसी मजबूरी का फायदा उठाते हुए उनकी सबसे बड़ी बहन के पति ने चारों को अपने घर चलकर रहने का ऑफर दिया जिसे बहनों ने मान लिया।
बहनोई चारों सालियों को अपने घर ले गया लेकिन छह महीने बाद ही हालात ऐसे बन गए कि चारों बहनें अलग किराए के मकान में रहने लगीं। आरोप है कि इसके बाद भी बहनोई ने उन्हें अपने झांसे में रखा और भरोसा जीतकर उनका पैतृक मकान बेच दिया और पूरी रकम खुद हड़प ली।
एक के बाद एक चारों सालियों को बनाया शिकार, दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता के मुताबिक बहनोई चारों बहनों पर बुरी नीयत रखता था। आरोप है कि उसने सबसे पहले सबसे बड़ी साली को अपना निशाना बनाया। वह अक्सर उसके साथ छेड़छाड़ करता और उसका यौन शोषण करने लगा। कुछ दिन बाद आरोपी ने ही उसकी शादी एक लड़के से करा दी।
आरोप है कि बड़ी साली की शादी के बाद उसका हौसला और बढ़ गया और उसने दूसरे, तीसरे और चौथे नंबर की साली (जिसमें एक नाबालिग भी शामिल थी) को भी अलग-अलग बातों में बहला-फुसलाकर उनके साथ यौन शोषण शुरू कर दिया। जब भी बहनें इसका विरोध करतीं तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर चुप करा देता था।
बड़ी बहन ने भी नहीं दिया साथ, पति के पक्ष में खड़ी हो गई
चारों बहनों का आरोप है कि जीजा की घिनौनी हरकतों से तंग आकर उन्होंने कई बार अपनी सबसे बड़ी बहन को पूरी बात बताई लेकिन न्याय दिलाने के बजाय वह हर बार अपने पति का ही पक्ष लेने लगी। आखिरकार तंग आकर पीड़िता और उसकी छोटी बहन ने गुरुवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस से गुहार लगाई।
पुलिस ने आरोपी दंपती पर दर्ज किया केस, जीजा गिरफ्तार
चार बहनों के साथ शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण की शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल ने मीडिया को बताया, “पीड़िता और उसकी छोटी बहन की तहरीर पर आरोपी बहनोई और उसकी पत्नी के खिलाफ दुष्कर्म, मकान बेचकर रकम हड़पने और जान से मारने की धमकी देने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।”
पुलिस ने दुष्कर्म के मुख्य आरोपी बहनोई को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।



