Arshdeep Singh : आईपीएल 2027 से पहले क्रिकेट जगत में एक ऐसी ट्रेड की चर्चा तेज हो गई है, जिसने फैंस को हैरान कर दिया है। भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अब पंजाब किंग्स की जगह मुंबई इंडियंस की जर्सी में नजर आ सकते हैं। इस बड़े बदलाव को लेकर चल रही अटकलों के बीच खुद अर्शदीप सिंह के पिता दर्शन सिंह ने ऐसा बयान दिया है, जिसने लगभग पूरी तस्वीर साफ कर दी है। ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। उन्होंने मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ने पर खुशी भी जाहिर की है।

पिता दर्शन सिंह ने ट्रेड को लेकर क्या बताया?

अर्शदीप सिंह के पिता दर्शन सिंह ने खेल पत्रकार विमल कुमार से बातचीत में बताया कि परिवार को भी इस ट्रेड की जानकारी अचानक मिली। उन्होंने कहा कि पहले इस बारे में कोई चर्चा नहीं हुई थी। उन्हें भी अचानक पता चला कि ट्रेड हो गया है और अब इसकी सूचना भी आ गई है। दर्शन सिंह के इस बयान के बाद अर्शदीप के मुंबई इंडियंस में जाने की खबर को और मजबूती मिली है। हालांकि, दोनों फ्रेंचाइजी की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

पंजाब किंग्स छोड़ने का है थोड़ा दुख

दर्शन सिंह ने बातचीत में यह भी बताया कि पंजाब किंग्स के साथ उनके परिवार का भावनात्मक जुड़ाव रहा है। अर्शदीप सिंह ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत इसी फ्रेंचाइजी से की थी। ऐसे में पंजाब को छोड़ना परिवार के लिए आसान नहीं है।

उनके पिता ने कहा कि इंसान जहां पैदा होता है, वहां से उसका खास लगाव रहता है। पंजाब किंग्स भी उनके बेटे के लिए अपने घर जैसी रही है। इसलिए टीम से अलग होने का थोड़ा दुख जरूर है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि हर फ्रेंचाइजी अपनी टीम का संतुलन देखकर फैसले लेती है।

बुमराह और सूर्यकुमार के साथ खेलेंगे Arshdeep Singh

मुंबई इंडियंस में जाने को लेकर दर्शन सिंह काफी खुश नजर आए। इसकी एक बड़ी वजह टीम में मौजूद पुराने साथी हैं। मुंबई में अर्शदीप सिंह को जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी मिलेंगे, जिनके साथ वह भारतीय टीम में खेल चुके हैं। दर्शन सिंह ने कहा कि मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ने से वे बहुत खुश हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि अर्शदीप सिंह और बुमराह की जोड़ी मुंबई की गेंदबाजी को मजबूत बनाएगी। अगर यह ट्रेड आधिकारिक रूप से पूरी हो जाती है, तो आईपीएल 2027 में मुंबई इंडियंस का गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत नजर आ सकता है। अब फैंस को दोनों फ्रेंचाइजी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।