Kota News: राजस्थान के कोटा मेडिकल कॉलेज में फर्स्ट ईयर के विद्यार्थियों के साथ रैगिंग का गंभीर मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. महज 39 दिनों के भीतर ये तीसरी बार है जब जूनियर छात्रों ने सीनियर्स पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग से शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में जूनियर छात्रों को सिर झुकाकर चलने, दोनों हाथ पीछे बांधकर रखने, सलामी देने और हर बात की शुरुआत रिस्पेक्टेड बॉस से करने जैसे फरमान सुनाए जाने के आरोप लगाए गए हैं. मामले को गंभीरता से लेते हुए एनएमसी ने कॉलेज प्रिंसिपल से 24 घंटे में 10 बिंदुओं पर रिपोर्ट तलब की है और कार्रवाई न होने पर सख्त कदम उठाने की चेतावनी दी है.

फर्स्ट ईयर के छात्रों ने 17 नवंबर को WhatsApp चैट के सबूतों के साथ एनएमसी को शिकायत भेजी है. आरोप है कि सीनियर छात्र जूनियर्स के साथ बेहद अपमानजनक व्यवहार कर रहे हैं और उन्हें सिर झुकाकर बात करने के लिए मजबूर किया जा रहा है. शिकायत के मुताबिक, जूनियर्स को अपना नाम बताने से पहले भी अनुमति लेनी पड़ती है और कहना होता है ‘रिस्पेक्टेड बॉस, हम अपना नाम बताने की गुस्ताखी कर सकते हैं क्या?’ आरोप है कि हर बात की शुरुआत ‘रिस्पेक्टेड बॉस’ से करना जरूरी कर दिया गया है, वरना सीनियर्स की नाराजगी झेलनी पड़ती है.
डिसेक्शन हॉल से लेक्चर थिएटर के रास्ते में फरमान
शिकायत में बताया गया है कि रोजाना सुबह 10:50 से 11 बजे के बीच जब फर्स्ट ईयर के विद्यार्थी डिसेक्शन हॉल से लेक्चर थिएटर की ओर जाते हैं, तो रास्ते में सीनियर खड़े रहते हैं. ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। जूनियर्स को एक लाइन में सिर झुकाकर, दोनों हाथ पीछे बांधकर और सीनियर्स को सैल्यूट करते हुए गुजरना पड़ता है. साथ ही बाल छोटे रखने के निर्देश देने का भी आरोप है.
39 दिन में तीसरी शिकायत, कॉलेज की एंटी रैगिंग व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल
जानकारी के अनुसार, इससे पहले 10 अक्टूबर और 29 अक्टूबर को भी कोटा मेडिकल कॉलेज में रैगिंग की शिकायतें NMC तक पहुंची थीं. दोनों मौकों पर आयोग ने कॉलेज प्रबंधन से जवाब मांगा था. आरोप है कि पिछली शिकायतों पर ठोस कार्रवाई करने के बजाय कॉलेज प्रबंधन ने गोलमोल रिपोर्ट भेजकर शिकायतों की पुष्टि न होने की बात कह दी. लगातार तीसरी बार शिकायत सामने आने से कॉलेज की एंटी रैगिंग व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
NMC ने 24 घंटे में 10 बिंदुओं पर मांगी रिपोर्ट, कार्रवाई की चेतावनी
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग ने सख्त रुख अपनाया है और मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल से 24 घंटे के भीतर 10 बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी है. आयोग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कॉलेज में रैगिंग की घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई, तो संस्थान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस चेतावनी के बाद अब कॉलेज प्रशासन पर निष्पक्ष जांच और रैगिंग रोकने का दबाव बढ़ गया है.



