आजकल फिट रहने के लिए लोग जिम करते हैं और कई तरह की फिजिकल एक्टिविटी भी करते हैं. इससे शरीर को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है, लेकिन अगर आप सही तरीके से एक्सरसाइज नहीं करते हैं तो इससे चोट लगने का खतरा भी बढ़ सकता है. गलत पोश्चर, बिना वॉर्मअप के एक्सरसाइज शुरू करना, जरूरत से ज्यादा वर्कआउट करने से इंजरी का रिस्क होता है. कई मामलों में लोग शुरुआती चोट को नजरअंदाज भी कर देते हैं.

एक्सरसाइज करते समय इंजरी क्यों होती है इससे कैसे बचाव किया जा सकता है. ऐसे और कई सवालों का जवाब जानने के लिए हमने सफदरजंग अस्पताल के स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर में वरिष्ठ प्रोफेसर एवं कंसल्टेंट, ऑर्थोपेडिक्स, डॉ. स्कन्द सिन्हा से बातचीत की है.
सवाल: आजकल युवाओं और जिम जाने वालों में सबसे ज्यादा कौनसी स्पोर्ट्स इंजरी देखी जा रही है?
जवाब: डॉ स्कंद बताते हैं कि आजकल लिगामेंट इंजरी, मांसपेशियों में खिंचाव, घुटनों का दर्द, कंधे की चोट और लोअर बैक पेन सबसे ज्यादा देखने को मिल रहे हैं. इसकी मुख्य वजह गलत तकनीक, बिना वॉर्मअप के एक्सरसाइज करना और जरूरत से ज्यादा ट्रेनिंग है. ये जानना जरूरीी है कि हर किसी का शरीर अलग है और आपको अपने शरीर के हिसाब से ही एक्सरसाइज करनी चाहिए.
सवाल: क्या छोटीमोटी इंजरी को नजरअंदाज करना आगे चलकर खतरनाक हो सकता है?
जवाब: हां, शुरुआती दर्द, सूजन या अकड़न को नजरअंदाज करने पर समस्या पुरानी हो सकती है. अगर दर्द लगातार बना रहे या शरीर के किसी हिस्से को हिलाने में परेशानी हो, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है. अगर आप इसको नजरअंदाज करते हैं तो ये आने वाले समय में गंभीर समस्या बन सकती है.
सवाल: किसी भी फिजिकल एक्टिविटी या वर्कआउट से पहले क्या जरूरी है?
जवाब: किसी भी तरह की एक्सरसाइज करने से पहलेवॉर्मअप जरूरी है. इससे शरीर की मांसपेशियों और जोड़ एक्सरसाइज के लिए तैयार होते है. इससे ब्लड फ्लो बेहतर होता है और चोट का खतरा कम हो सकता है. कम से कम 10 से 15 मिनट का वॉर्मअप और स्ट्रेचिंग करना शरीर के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है. वॉर्म अप करने के बाद ही आपको मेन वर्कआउट करना चाहिए.
सवाल: अगर किसी को खेलते समय अचानक चोट लग जाए तो तुरंत क्या करना चाहिए?
जवाब: ऐसी स्थिति में RICE फॉर्मूला अपनाएं, Rest , Ice , Compression और Elevation . अगर दर्द या सूजन ज्यादा हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
डॉ. स्कन्द सिन्हा
स्पोर्ट्स इंजरी से बचने के लिए याद रखें ये जरूरी बातें
डॉ स्कंद बताते हैं कि जिम और खेल के दौरान सही तकनीक अपनाना, वॉर्मअप करना और शरीर को पर्याप्त आराम देना बेहद जरूरी है. दर्द या सूजन को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। अगर शुरुआत से सावधानी बरती जाए, तो चोट का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है.
नियमित स्ट्रेचिंग, संतुलित डाइट और पर्याप्त नींद शरीर को मजबूत बनाते हैं और रिकवरी में मदद करते हैं. फिटनेस के साथ सुरक्षा का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है.



