Agra Metro New Facility: ताजनगरी के वासिदों के लिए राहत और आधुनिक परिवहन सुविधा की बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन शहर में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार को अंतिम रूप देने में जुटा है।

प्रथम कॉरिडोर के अंतर्गत मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन से लेकर आरबीएस कॉलेज, राजा की मंडी, आगरा कॉलेज, ताजमहल और सिकंदरा होते हुए आईएसबीटी तक के अधिकांश मेट्रो स्टेशन यात्री सेवाओं के लिए पूरी तरह तैयार हो चुके हैं। वहीं आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन पर फिनिशिंग का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है।
यूपी मेट्रो द्वारा इस खंड पर लगातार ट्रायल रन किए जा रहे हैं ताकि संचालन शुरू होने से पहले सभी तकनीकी और सुरक्षा मानकों की पूरी तरह जांच की जा सके। अधिकारियों का दावा है कि निर्धारित समय के भीतर शहरवासियों को आईएसबीटी तक मेट्रो सेवा उपलब्ध कराने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है।
ताजमहल से सीधे आईएसबीटी तक मिलेगा सफर का नया विकल्प
मेट्रो विस्तार के बाद आगरा आने वाले लाखों पर्यटकों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। ताजमहल के पश्चिमी गेट पार्किंग के निकट स्थित ताजमहल मेट्रो स्टेशन से यात्री सीधे आईएसबीटी तक मेट्रो के जरिए पहुंच सकेंगे। वर्तमान में सड़क मार्ग से लगने वाले समय की तुलना में यह यात्रा महज 15 से 20 मिनट में पूरी हो सकेगी, जिससे पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों दोनों को लाभ मिलेगा।
मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी बनेगी बड़ी विशेषता
आगरा मेट्रो स्टेशन आधुनिक मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरेंगे। यात्रियों को मेट्रो स्टेशन से सीधे आईएसबीटी बस टर्मिनल और राजा की मंडी रेलवे स्टेशन तक आसान पहुंच मिलेगी। समावेशी और यात्रीअनुकूल डिज़ाइन के कारण बस, रेल और मेट्रो के बीच आवागमन पहले की तुलना में कहीं अधिक सुविधाजनक हो जाएगा।
स्टेशन परिसर में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
पर विकसित किए जा रहे पेड एरिया में यात्रियों और पर्यटकों को रेस्टोरेंट, किऑस्क, हैंडीक्राफ्ट स्टोर समेत कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे स्टेशन केवल आवागमन का केंद्र नहीं बल्कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त ट्रांजिट हब के रूप में विकसित होगा।
एक कार्ड से देशभर में यात्रा
आगरा मेट्रो का गोस्मार्ट एनसीएमसी कार्ड यात्रियों को देश के विभिन्न शहरों की मेट्रो, बस, पार्किंग और अन्य डिजिटल भुगतान सेवाओं का उपयोग करने की सुविधा देगा। इंटरऑपरेबल इस कार्ड के माध्यम से यात्री निर्बाध यात्रा कर सकेंगे। साथ ही आगरा मेट्रो में इस कार्ड के उपयोग पर प्रत्येक यात्रा में 10 प्रतिशत तक की छूट का लाभ भी मिलेगा।
मेट्रो परियोजना के इस चरण के पूरा होने के बाद आगरा का सार्वजनिक और अधिक आधुनिक, तेज तथा पर्यटकअनुकूल बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।



