धर्मशाला: आज यानि 13 जून को भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच खेला गया। 5 महीनों के लंबे इंतजार के बाद रोहित शर्मा टीम इंडिया की जर्सी में खेलते हुए नजर आए। पूर्व कप्तान की पारी 16 रनों के भीतर सिमट कर रह गई। शुभमन गिल के साथ तालमेल के चलते उन्हें अपना विकेट गंवाना पड़ा। जिसके बाद सोशल मीडिया पर गिल को ट्रोल किया जा रहा है।

रोहित और शुभमन के तालमेल में गड़बड़
तालमेल में गड़बड़ी की वजह से रोहित शर्मा रन आउट हो गए। 6वें ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने मिड विकेट की दिशा में शॉट खेलकर एक रन चुराने का प्रयास किया लेकिन गिल अपनी क्रीज पर रहे। ऐसे में उन्होंने दोबारा स्ट्राइकर छोर पर जाने का प्रयास किया। लेकिन इससे पहले ही विकेटकीर ने थ्रो कलेक्ट किया और स्टम्प उड़ा दिए। रोहित ने 16 गेंदों का सामना करते हुए इतने ही रन बनाए। पवेलियन लौटते वह गिल को देख रहे थे। रोहित की आंखों में निराशा की भावना साफ देखी जा सकती थी। वह इस शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील करने के लिए बेताब थे।

शुभमन गिल पर फैंस का फूटा गुस्सा
हर भारतीय फैन रोहित शर्मा के बल्ले से बड़ी पारी देखना चाह रहा था। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण रन आउट ने फैंस को खासा निराश कर दिया है। सोशल मीडिया पर ज्यादातर यूजर्स ने शुभमन गिल को इस घटना का दोषी माना है। यह पहला मौका नहीं है जब गिल के होते हुए रोहित को रन आउट के रूप में अपना विकेट गंवाना पड़ा है। इसस पहले साल 2024 में अफगानिस्तान के सामने ही टी20 मुकाबले में ऐसा हुआ था। जिसके चलते एक्स पर रोहित शर्मा के फैंस ने गिल को सेल्फिश तक कह दिया है।

रोहित शर्मा के लिए हर पारी अहम
इसके साथ ही आपको बता दें कि रोहित शर्मा के लिए हर पारी को अच्छे से बुनाने का दबाव है। आईपीएल 2026 में चोटिल होने के चलते उनके इस सीरीज में खेलने पर सवालिया निशान था। रोहित 2027 में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का हिस्सा होना चाहते हैं। इसके लिए उन्हें मिल रहे मौकों रन बनाने होंगे। अन्यथा प्रबंधन युवा खिलाड़ियों का रुख कर सकता है।