अक्सर घरों में खाना बच जाना एक सामान्य बात है. कई लोग अगले भोजन में उसे दोबारा इस्तेमाल करने के लिए फ्रिज में रख देते हैं. हालांकि अगर बचे हुए खाने को सही तरीके से स्टोर न किया जाए, तो वह जल्दी खराब हो सकता है. ऐसे भोजन में बैक्टीरिया बढ़ने का खतरा भी बढ़ जाता है, जिससे खाने की गुणवत्ता और स्वाद दोनों प्रभावित हो सकते हैं. इसलिए सिर्फ खाना फ्रिज में रख देना ही काफी नहीं होता, बल्कि उसे सही समय और सही तरीके से स्टोर करना भी जरूरी होता है.्र

खाने को सुरक्षित रखने के लिए तापमान, और सही तरीके से पैक करना अहम माना जाता है. इसके अलावा, हर तरह के भोजन को एक जैसी अवधि तक सुरक्षित नहीं रखा जा सकता. कुछ खाने की चीजें जल्दी खराब हो जाती हैं, जबकि कुछ सही तरीके से रखने पर अधिक समय तक सुरक्षित रह सकती हैं. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि बचे हुए खाने को कैसे सुरक्षित रखा जाए, स्टोर करते समय किन गलतियों से बचें और किन संकेतों से पता चलता है कि अब उस भोजन का सेवन नहीं करना चाहिए.
बचे हुए खाने को स्टोर करने के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स
बचा हुआ खाना पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही साफ और एयरटाइट डिब्बे में भरकर फ्रिज में रखें. कोशिश करें कि खाना पकने के दो घंटे के भीतर उसे फ्रिज में रख दिया जाए, ताकि उसमें बैक्टीरिया बढ़ने का खतरा कम हो. अलगअलग तरह के भोजन को अलग डिब्बों में स्टोर करें और डिब्बे पर तारीख लिख दें, ताकि यह पता रहे कि खाना कब रखा गया था.
फ्रिज का तापमान पर्याप्त ठंडा रखें और जरूरत से ज्यादा भोजन एक ही डिब्बे में न भरें. भोजन दोबारा खाने से पहले उसे अच्छी तरह गर्म करें. सही तरीके से स्टोर किया गया अधिकतर पका हुआ भोजन फ्रिज में लगभग 2 से 3 दिन तक सुरक्षित रह सकता है.
खाना स्टोर करते समय किन गलतियों से बचना चाहिए?
गर्म खाना सीधे फ्रिज में रखने, बिना ढक्कन के भोजन छोड़ने या गंदे डिब्बों में स्टोर करने की गलती नहीं करनी चाहिए. खाने को बारबार बाहर निकालकर फिर फ्रिज में रखना भी सही नहीं माना जाता. एक ही भोजन को कई बार गर्म करके खाने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है.
फ्रिज में बहुत ज्यादा सामान भर देने से ठंडी हवा का फ्लो कम हो सकता है, जिससे भोजन जल्दी खराब होने का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए भोजन को सही तरीके से और सीमित समय के लिए ही स्टोर करें.
बचा हुआ खाना कब नहीं खाना चाहिए? पहचानें ये संकेत
अगर बचे हुए खाने से खट्टी या अजीब गंध आने लगे, उसका रंग बदल जाए, उस पर फफूंदी दिखाई दे या उसका स्वाद और बनावट सामान्य से अलग लगे, तो उसे नहीं खाना चाहिए. लंबे समय तक फ्रिज में रखा भोजन भी खराब हो सकता है, भले ही वह देखने में ठीक लगे. ऐसे भोजन का सेवन करने से फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए खराब होने के संकेत दिखने पर उसे तुरंत फेंक देना ही बेहतर होता है.



