उत्तर प्रदेश के अमेठी में शनिवार देर रात बहुजन समाज पार्टी नेता शशिकांत तिवारी पर जानलेवा हमला हुआ है. बताया जा रहा है कि बाइक सवार अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने उन पर हमला किया और उनकी कार में जमकर तोड़फोड़ की. इस दौरान नेता कार में ही मौजूद थे. इस हमले में वो बालबाल बच गए.घटना सामने आने के बाद हड़कंप मच गया.

जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने लाठीडंडे और पत्थर से शशिकांत तिवारी की कार पर हमला किया. BSP नेता ने गौरीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है और हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
विधायक राकेश प्रताप सिंह पर आरोप
BSP नेता ने शशिकांत तिवारी ने विधायक राकेश प्रताप सिंह पर हमला कराने का आरोप लगाया है. राकेश प्रताप सिंह गौरीगंज से विधायक हैं. गौरीगंज थाने में दी तहरीर में BSP नेता शशिकांत तिवारी ने कहा है कि शनिवार की रात गौरीगंज थाना क्षेत्र के जामो मोड़ पर 3 अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से आए और उन पर जानलेवा हमला किया और उनके वाहन में तोड़फोड़ की.
हमले के बाद फरार हुए आरोपी
शशिकांत तिवारी ने बताया कि जब उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली तो हमलावर मौके से फरार हो गए. देर रात ही शशिकांत तिवारी ने थाने पहुंचकर तहरीर दी. जिसके बाद पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुट गई है. BSP नेता जनपद अमेठी के गौरीगंज कस्बे के वाड नंबर 22 के रहने वाले हैं. BSP नेता शशिकांत तिवारी पूर्व में जिला प्रवक्ता रह चुके हैं. इसके साथ ही उनकी पत्नी रागिनी तिवारी ने 2022 में अमेठी विधानसभा सीट से BSP प्रत्याशी के तौर पर चुनाव भी लड़ा था.
क्या है मामला
शशिकांत का आरोप है कि गौरीगंज के विधायक राकेश प्रताप सिंह ने पिछले दिनों ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ टिप्पणी की थी, जिसका उन्होंने सोशल मीडिया पर विधायक को जवाब दिया था.उन्होंने फेसबुक लाइव पर ब्राह्मणों के अपमान करने की बात कही थी. उनका कहना है कि इसी के चलते उन पर हमला हुआ है.
तफ्तीश में जुटी पुलिस
वहीं राकेश प्रताप सिंह ने इस घटना पर कुछ भी कहने से इनकार करते हुए कहा कि पुलिस को इस मामले में निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और जो भी दोषी हो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होना चाहिए. ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। इधर गौरीगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक रवि सिंह ने बताया कि बीती रात तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार किया जाएगा.



