
Jhunjhunu News: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव को लेकर गांवों में सियासी हलचल तेज होने लगी है. इस बीच झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ क्षेत्र के झाझड़ गांव से जुड़ा एक कथित चुनावी वादा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. यहां अनिता सैनी नाम की एक युवती का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह सरपंच बनने पर गांव के कुंवारे लड़कों की शादी करवाने का वादा करती नजर आ रही है.
दरअसल, हाल ही में राजस्थान में पंचायत चुनाव होने वाले हैं, जिसको लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई. पंचायत प्रत्याशी मतदाताओं को रिझाने के लिए तरह-तरह के प्रलोभन दे रहे हैं, विकास और सरकारी योजनाओं के लाभ की बात कर रहे हैं. इसी बीच, अनीता सैनी नामक युवती का वीडियो वायरल होने पर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर युवाओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है. वीडियो में युवती कहती दिख रही है, पंचायत का विकास तो होगा, लेकिन उनकी इस योजना पर भी जोर दिया जाएगा.
वोट के लिए अनोखी योजना का ऐलान
वायरल वीडियो में युवती कहती है कि यदि गांव के लोग उसे वोट देकर सरपंच चुनते हैं, तो वह एक महीने के भीतर गांव के कुंवारे युवकों की शादी करवाने की व्यवस्था करेगी. युवती का यह कथित वादा सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. आमतौर पर पंचायत चुनावों में उम्मीदवार सड़क, नाली, पेयजल, सफाई और विकास कार्यों को लेकर वादे करते हैं. लेकिन इस मामले में चुनावी वादा सीधे शादी-ब्याह से जुड़ा होने के कारण लोगों का ध्यान खींच रहा है.
वीडियो हो रहा वायरल
वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज है. लोग इस अनोखे कथित वादे पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि और युवती की चुनावी उम्मीदवारी से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है. फिलहाल, झाझड़ गांव से जुड़ा यह कथित चुनावी वादा चर्चा में बना हुआ है और इसने पंचायत चुनावों के बीच स्थानीय सियासत को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ा दी है.
ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है।


