

पटना। 76 साल के लालू यादव की 2014 में ओपन हार्ट सर्जरी, 2022 में किडनी ट्रांसप्लांट और 2024 में एंजियोप्लास्टी हो चुकी है। RJD सुप्रीमो लालू यादव की तबीयत बीते 2 दिनों से बिगड़ गई है।
बुधवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपने पिता लालू प्रसाद को लेकर पारस हॉस्पिटल पहुंचे है। जहां डॉक्टर्स की एक टीम उनका हेल्थ चेकअप कर रही है। राबड़ी देवी पहले पटना एयरपोर्ट पहुंची थी, हालांकि वो भी अब पारस हॉस्पिटल में मौजूद है।
पारस के बाहर आरजेडी नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने बताया कि ‘शुगर लेवल बढ़ा हुआ है, इस कारण लालू यादव की तकलीफ बढ़ गई है। पारस हॉस्पिटल चेकअप कराने आए हैं। फिर यहां से दिल्ली निकलेंगे। हमलोगों की दुआ है कि वो जल्द स्वस्थ हो जाएं।’
आरजेडी नेता शक्ति यादव भी पारस हॉस्पिटल में मौजूद हैं।
राबड़ी आवास पर लालू का इलाज कर रहे डॉक्टर ने उन्हें दिल्ली ले जाने की सलाह दी है। बुधवार यानी आज शाम 4 बजकर 5 मिनट पर एयर इंडिया की फ्लाइट (AI 408) से लालू यादव इलाज के लिए दिल्ली जाने की बात सामने आई थी।
लालू यादव की बेटी मीसा भारती मंगलवार से दिल्ली में ही हैं।
26 मार्च, यानी 7 दिन पहले ही लालू यादव गर्दनीबाग में वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ मुस्लिम संगठनों ने प्रदर्शन में शामिल हुए थे। वे तेजस्वी के साथ प्रदर्शन में पहुंचे थे।
उन्होंने कहा था- ‘गलत हो रहा है। सरकार को देखना चाहिए। हम इसके विरोध में हैं। किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। नीतीश कुमार उन लोगों के साथ हैं, वो इस बिल का समर्थन कर रहे हैं। जनता सब समझ रही है।’
बीते सालों में लालू प्रसाद यादव के तीन बड़े ऑपरेशन हो चुके हैं। 76 साल के लालू की 13 सिंतबर 2024 को मुंबई के एशियन हार्ट अस्पताल में एंजियोप्लास्टी हुई थी। उन्हें एक स्टेंट लगा है।
इससे पहले 2022 में उनका सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। बेटी रोहिणी ने किडनी डोनेट की थी।
2014 में लालू की ओपन हार्ट सर्जरी हुई थी। करीब 6 घंटे में एऑर्टिक वॉल्व बदला गया था। इस दौरान दिल में मौजूद 3 एमएम के छेद को भरा गया था।
2 साल पहले सिंगापुर में लालू यादव का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने उनको अपनी एक किडनी डोनेट की थी। दोनों की सर्जरी की गई थी। किडनी ट्रांसप्लांट के बाद लालू की सेहत में काफी सुधार दिखा।
रोहिणी आचार्य जब सारण से लोकसभा का चुनाव लड़ रही थीं, तब लालू उनके चुनाव प्रचार में भी गए थे। कई कार्यक्रमों में भी वे भाग लेते दिखते हैं। हालांकि, किडनी ट्रांसप्लांट के बाद उनको कई तरह का परहेज करना पड़ता है। लालू किडनी की बीमारी के अलावा अन्य कई बीमारियों से भी ग्रस्त रहे हैं।
वैशाली पहुंचने पर समर्थक ने लालू के लिट्टी-चोखा खिलाया था
करीब 8 दिन पहले 23 मार्च को पटना से मुजफ्फरपुर जाते समय लालू को वैशाली जिले के भगवानपुर में समर्थकों ने रोक लिया था। इस दौरान एक समर्थक उनके लिए घर से बनी मक्के की रोटी, बथुए की साग, लिट्टी और चोखा लेकर पहुंचा था। इस दौरान लालू यादव ने समर्थकों से कहा था- ‘चुनाव की तैयारी में लग जाइए।’