
T20 World Cup Highest Successful Chase: कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 52वें मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर न केवल सेमीफाइनल में जगह बनाई. सुपर 8 के ग्रुप 1 के इस रोमांचक मैच में भारत ने वेस्टइंडीज द्वारा दिए गए चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को हासिल कर अपनी बादशाहत साबित की. यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि भारत ने सुपर-8 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद जिम्बाब्वे को बुरी तरह रौंदा और अब विंडीज को हराकर अपनी स्थिति मजबूत की है.
वेस्टइंडीज के खिलाफ 196 रनों का सफलतापूर्वक पीछा करना टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज बन गया है. इस सूची में पहले स्थान पर इंग्लैंड (230 बनाम साउथ अफ्रीका, 2016) और दूसरे पर साउथ अफ्रीका (206 बनाम वेस्टइंडीज, 2007) है. भारत का यह 196 रनों का चेज अब अमेरिका (195 बनाम कनाडा, 2024) और वेस्टइंडीज (193 बनाम भारत, 2016) के रिकॉर्ड से ऊपर निकल गया है. ईडन गार्डन्स की यह जीत दिखाती है कि भारतीय टीम किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल करने का माद्दा रखती है.
भारत ने 2014 का रिकॉर्ड तोड़ा
इस विशाल लक्ष्य को हासिल करने के साथ ही टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में अपने सबसे बड़े रन चेज के रिकॉर्ड को भी अपडेट किया है. इससे पहले भारत का सर्वोच्च सफल चेज 173 रन था, जो उसने 2014 में मीरपुर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया था. 196 रनों के इस नए रिकॉर्ड ने भारतीय बल्लेबाजी की गहराई और उनके आक्रामक ‘टेंपलेट’ पर मुहर लगा दी है.
पाकिस्तान-इंग्लैंड की बराबरी
इस जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में छठी बार सेमीफाइनल में पहुंचकर पाकिस्तान और इंग्लैंड के ऐतिहासिक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। पाकिस्तान (2007 से 2022 के बीच 6 बार) और इंग्लैंड (2010 से 2026 के बीच 6 बार) के बाद भारत अब तीसरा ऐसा देश है जिसने 2007, 2014, 2016, 2022, 2024 और अब 2026 में नॉकआउट स्टेज में अपनी जगह पक्की की है.
मैच में क्या हुआ?
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. वेस्टइंडीज की टीम ने 20 ओवरों में 4 विकेट पर 195 रन बनाए. इसके बाद भारत के लिए संजू सैमसन ने ऐतिहासिक पारी खेली. वह 50 गेंद पर 97 रन बनाकर नाबाद रहे. उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और 4 छक्के लगाए. सैमसन का स्ट्राइक रेट 194 का रहा. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला. तिलक वर्मा ने 15 गेंदों पर 27, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 16 गेंद पर 18 और हार्दिक पांड्या ने 14 गेंद पर 17 रन बनाए. ईशान किशन 6 गेंद पर 10 रन बनाकर आउट हो गए. शिवम दुबे 4 गेंद पर 8 रन बनाकर नाबाद रहे.




