Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में चिता की आग पर मुर्गे का मीट पकाने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पुवायां थाना क्षेत्र के नत्थापुर गांव में एक बुजुर्ग के अंतिम संस्कार के बाद उनकी चिता पर कथित तौर पर मीट पकाया जा रहा था. इसी दौरान मृतक के बेटे दोबारा वहां पहुंचे तो उन्होंने यह नजारा देखा. उनके शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद हंगामा हो गया. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

कुछ देर बाद चिता पर पहुंचा परिवार

जानकारी के मुताबिक नत्थापुर गांव निवासी बुजुर्ग छोटेलाल का बीमारी के चलते शनिवार को निधन हो गया था. रविवार दोपहर को परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया. चिता में आग लगाने के बाद परिवार के लोग वहां से वापस लौट गए. मृतक के बेटे वीरपाल की तहरीर के मुताबिक, कुछ देर बाद वह दोबारा चिता देखने पहुंचे तो वहां गांव का सुरेंद्र, तांत्रिक बताए जा रहे राजेंद्र और रामचरण मौजूद थे.

लकड़ियों पर रखा था मीट से भरा बर्तन

वीरपाल के मुताबिकतीनों चिता की लकड़ियों पर बर्तन रखकर मुर्गे का मीट पका रहे थे. चिता पर बर्तन रखा देखकर वीरपाल ने इसका विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि इस दौरान सुरेंद्र ने अभद्रता की. शोर बढ़ने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों के बीच चर्चा रही कि यह पूरा काम तंत्र-मंत्र सिद्ध करने के लिए किया जा रहा था. हालांकि, पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है.

पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. सीओ प्रवीन मलिक ने बताया कि कल नत्थापुर गांव में एक बुजुर्ग छोटेलाल का निधन हो गया था. जिनका अंतिम संस्कार के बाद उनकी चिता पर मादक पदार्थ का सेवन कर तीन लोग वहां चिता पर मीट पका रहे थे. बेटे की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.” पुलिस ने कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है.