Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद से अतिरिक्त दहेज और घरेलू हिंसा का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है. मझोला थाना क्षेत्र के सम्राट अशोक नगर में शादी के महज चारपांच साल बाद ही अंजलि नाम की एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के मायके वालों का गंभीर आरोप है कि ससुराल वालों ने अंजलि को जबरन जहरीला पदार्थ पिलाकर मौत के घाट उतारा है. हालत बिगड़ने पर महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

मृतका के भाई रोहित ने रोतेबिलखते हुए पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बहन अंजलि की शादी चारपांच साल पहले बड़े ही अरमानों और सामाजिक रीतिरिवाजों के साथ रोहन नामक युवक से की थी. लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग अपनी असली औकात पर उतर आए. वे लगातार कीमती सामान और नकदी के रूप में अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे थे.
मांग पूरी न होने पर अंजलि को आए दिन शारीरिक और मानसिक रूप से बेरहमी से प्रताड़ित किया जाता था. भाई का आरोप है कि आखिरकार जब उनकी नाजायज मांगें पूरी नहीं हुईं, तो उन्होंने खुन्नस में आकर अंजलि को जबरन जहर दे दिया.
पति और ससुर को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही मझोला थाना पुलिस और आला अधिकारी तुरंत हरकत में आए. भाई रोहित की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी पति रोहन और ससुर को हिरासत में ले लिया है, जिनसे थाने में सघन पूछताछ की जा रही है.
दि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा असली राज
इस पूरे मामले पर मुरादाबाद के एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है. पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एसपी क्राइम ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के असली कारणों का खुलासा होगा. पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.



