भारत में इथेनॉल ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है. अब मुंबई में भी E85 फ्यूल की बिक्री शुरू हो गई है. मुंबई उन शुरुआती शहरों में शामिल हो गया है जहां यह नया ईंधन कमर्शियल रूप से उपलब्ध है. इससे पहले दिल्लीNCR में इसकी शुरुआत हो चुकी है.

मुंबई में E85 फ्यूल की कीमत ₹91.18 प्रति लीटर रखी गई है, जबकि शहर में सामान्य पेट्रोल की कीमत फिलहाल ₹111.33 प्रति लीटर है. यानी E85 इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को प्रति लीटर 20 रुपये से ज्यादा की बचत होती दिखाई देती है. पहली नजर में यह काफी फायदेमंद लगता है, लेकिन इसके साथ एक बड़ी शर्त भी जुड़ी हुई है.
क्या नॉर्मल कार में भरा सकते हैं फ्लेक्स फ्यूल?
दरअसल, E85 फ्यूल को किसी सामान्य पेट्रोल कार में नहीं डाला जा सकता. इसके लिए फ्लेक्सफ्यूल वाहन होना जरूरी है. फ्लेक्सफ्यूल वाहन विशेष प्रकार के फ्यूल सिस्टम, इंजन पार्ट्स और सॉफ्टवेयर कैलिब्रेशन के साथ बनाए जाते हैं, जो 85 प्रतिशत तक इथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन को सुरक्षित रूप से संभाल सकते हैं. अगर कोई व्यक्ति सामान्य पेट्रोल कार में E85 भरवा लेता है, तो इंजन और फ्यूल सिस्टम को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है.
आखिर होता है क्या E85 फ्यूल?
E85 फ्यूल में 85 प्रतिशत इथेनॉल और 15 प्रतिशत पेट्रोल होता है. इथेनॉल का उत्पादन भारत में गन्ने और मक्का जैसी फसलों से किया जाता है. यह देश में तैयार होता है, इसलिए इसकी लागत आयातित कच्चे तेल से बने पेट्रोल की तुलना में कम पड़ती है. यही कारण है कि E85 की कीमत पेट्रोल से कम रखी गई है. हालांकि, कम कीमत का मतलब हमेशा ज्यादा बचत नहीं होता.
माइलेज में आ सकती है कमी
इथेनॉल में पेट्रोल की तुलना में ऊर्जा कम होती है. इसलिए E85 पर चलने वाला वाहन प्रति लीटर कम दूरी तय करता है. उदाहरण के लिए, अगर कोई फ्लेक्सफ्यूल कार E20 पेट्रोल पर 15 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देती है, तो वही कार E85 पर लगभग 10 से 12 किलोमीटर प्रति लीटर तक ही चल सकती है. यानी माइलेज में 20 से 25 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है.
फिलहाल भारत में E85 का उपयोग करने वाले वाहनों की संख्या बेहद कम है. इस समय बाजार में उपलब्ध प्रमुख कारों में Maruti Suzuki WagonR BioFlex शामिल है, जो E20 से लेकर E100 तक के इथेनॉल मिश्रण पर चल सकती है. दोपहिया वाहनों में Hero Splendor+ Flex Fuel और Hero HF Deluxe Flex Fuel जैसे मॉडल उपलब्ध हैं. इसके अलावा कारें और बाइक अभी E85 के लिए नहीं बनी हैं.
5 हजार पेट्रोल पंपों पर मिलेगा E85
सरकार ने 5 जून 2026 को देशभर में E85 फ्यूल की शुरुआत की थी. शुरुआती चरण में इसे सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के 48 पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध कराया गया है. सरकार का लक्ष्य दिसंबर 2026 तक 500 और दिसंबर 2027 तक 5,000 आउटलेट्स तक E85 की पहुंच बढ़ाने का है. पहले चरण में दिल्लीएनसीआर, मुंबई, पुणे और नागपुर जैसे शहरों को शामिल किया गया है.



