कार तो आप सालों से चला रहे होंगे, लेकिन क्या आप गाड़ी के बारे में हर जरूरी जानकारी जानते हैं? बहुत से लोगों को कार से जुड़ी कई मामलों में सही जानकारी नहीं होती जिस वजह से अक्सर हम लोग कार चलाते वक्त गलतियां कर बैठते हैं जिससे धीरेधीरे गाड़ी को नुकसान होने लगता है और फिर अचानक से एक दिन कार खराब हो जाती है. कई बार तो लोग ये भी कहते हुए आपको मिल जाएंगे कि कार अभी ज्यादा पुरानी नहीं है, फिर भी खराबी आने लगी. क्या आप भी रोज सुबह गाड़ी को स्टार्ट करते ही तुरंत रेस देकर आगे बढ़ जाते हैं? हम और आप में से बहुत से लोग हर सुबह यही गलती करते होंगे, इसके पीछे का कारण जल्दबाजी या फिर कुछ भी हो सकता है, लेकिन ऐसा करना आपकी कार के लिए सही नहीं है.

दरअसल, हम लोग जानेअनजाने जो गलतियों कर बैठते हैं, उन्हीं की वजह से कार और गाड़ी में लगे पार्ट्स की लाइफ कम होने लगती है. हां, ये भी नहीं कहा जा सकता है कि सारा दोष गलतियों का है, कार में मैकेनिक्ल फॉल्ट के चलते भी कार बंद या खराब हो सकती है.
क्या था एक्सपर्ट का कहना?
हमने रोज सुबह स्टार्ट करने के बाद तुरंत रेस क्यों नहीं देनी चाहिए, इस बारे में जब कार का काम करने वाले एक्सपर्ट से बात की तो उन्होंने हमें कुछ अहम जानकारी दी जो आपको भी पता होनी चाहिए. SR Automobile के मालिक आफताब सैफी जी ने जब हमने ये सवाल किया तो उन्होंने इस सवाल के जवाब में हमें बताया कि लोग सुबह काम पर जाने के लिए जल्दी में होते हैं जिस वजह से कार स्टार्ट करते ही तुरंत रेस देकर निकल जाते हैं. लेकिन ऐसा करने के बजाय हमें अपने बिजी शेड्यूल में से केवल 1 से 2 मिनट का समय निकलाने की आदत बनानी चाहिए.
कार स्टार्ट करें और 1 से 2 मिनट तक रुकें, इस दौरान रेस देने की गलती न करें. ऐसा करने से गाड़ी के इंजन की लाइफ बढ़ेगी, साथ ही कार में इस्तेमाल हुए मैकेनिकल पार्ट्स के भी जल्दी खराब होने का चांक कम हो जाएगा. आफताब सैफी जी ने बताया कि रुकने के लिए इसलिए कहा जाता है ताकि कार स्टार्ट होने के बाद इंजन ऑयल गाड़ी के सभी पार्ट्स तक सही से पहुंच जाएं और इंजन गर्म हो जाए. आदत में छोटा सा बदलाव आपकी कार को ठीक रखने में आपकी मदद कर सकता है.



