Deoria Viral News: पुलिस अब मोमोज बेचने वाले का पता लगा रही है और चोरी हुए गहनों की कुल कीमत का अंदाजा लगा रही है। ऐसा बताया जा रहा है कि गहनों की कीमत 85 लाख के आसपास थी।

Deoria Momos Viral news: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक अजीब मामला सामने आया है, जहां एक 14 साल के लड़के ने कथित तौर पर मोमोज की लत पूरी करने के लिए अपने ही घर से लाखों रुपये के गहने चुरा लिए। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने बताया कि रामपुर कारखाना पुलिस स्टेशन इलाके के एक गांव का रहने वाला यह नाबालिग लड़का स्ट्रीट स्नैक का आदी हो गया था।
बिना जानकारी के ही खाली हो गई तिजोरी
पुलिस के अनुसार उसे मोमोज खाने की इतनी लत थी कि उसने चुपके से घर से सोने के गहने निकालकर मोमोज बेचने वाले को खाने के बदले में देना शुरू कर दिया। समय के साथ, परिवार को पता चले बिना ही कई गहने गायब हो गए। यह मामला तब सामने आया जब लड़के की बुआ अपने मायके गहने लेने आईं।
रिपोर्ट के अनुसार जब अलमारी खोली गई, तो गहने गायब मिले। पूछताछ करने पर परिवार को पता चला कि लड़का चीजें चुराकर रामपुर कस्बे में ठेला लगाने वाले एक मोमोज बेचने वाले को दे रहा था। हैरान परिवार वालों ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिल गई है और जांच चल रही है। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह मामला हमारे संज्ञान में आया है। हम डिटेल्स वेरिफाई कर रहे हैं और आरोपी को जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा।”
पुलिस अब मोमोज बेचने वाले का पता लगा रही है और चोरी हुए गहनों की कुल कीमत का अंदाजा लगा रही है। ऐसा बताया जा रहा है कि गहनों की कीमत 85 लाख के आसपास थी।




