महिला सरपंच 3 बार हुई सस्पेंड, एक बार पद से हटाया, अब गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए किया आवेदन

रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी जिले के डहिना गांव की सरपंच पिंकी ने अपने खिलाफ हुई बार-बार की कार्रवाई के विरोध का अनोखा तरीका अपनाया है। उन्होंने एक साल के भीतर सबसे ज्यादा बार किसी चुने हुए गांव के सरपंच को सस्पेंड या पद से हटाए जाने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लिए आवेदन किया है। पिंकी का आरोप है कि राजनीतिक बदले की भावना के कारण उन्हें बार-बार कार्रवाई का सामना करना पड़ा, जबकि हर बार उन्हें डिविजनल कमिश्नर या पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट से राहत मिली।

कब-कब हुई सस्पेंड
पिंकी के मुताबिक, वह दिसंबर 2022 में डहिना गांव की सरपंच चुनी गई थीं। ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। उन्हें 9 जून 2025 और 27 मार्च 2026 को सस्पेंड किया गया, लेकिन दोनों मामलों में गुरुग्राम के डिविजनल कमिश्नर के आदेश से बहाल कर दिया गया। इसके बाद 2 जून 2026 को उन्हें तीसरी बार सस्पेंड किया गया, जिसमें हाई कोर्ट के आदेश से उन्हें राहत मिली। 31 अगस्त 2026 को जिला प्रशासन ने उन्हें सरपंच पद से हटाने के साथ तीन साल तक पंचायत चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया। इसके खिलाफ भी उन्होंने हाई कोर्ट का रुख किया, जिसने हटाने के फैसले पर रोक लगाकर उन्हें फिर से बहाल कर दिया।

इन दावों के साथ किया आवेदन
27 सितंबर 2026 को तैयार किए गए प्रस्तावित रिकॉर्ड क्लेम-रिपोर्ट डोजियर में पिंकी ने 12 महीने की अवधि के भीतर एक चुने हुए गांव के सरपंच के खिलाफ सबसे ज्यादा आधिकारिक सस्पेंशन/हटाने की कार्रवाई के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए आवेदन किया है। उनके दावे में सरकारी आदेशों, न्यायिक आदेशों, पंचायत रिकॉर्ड और स्वतंत्र रिपोर्टों को सबूत के तौर पर पेश करने की बात कही गई है।

उपायुक्त बोले- यह उनका अधिकार
वहीं, रेवाड़ी के डिप्टी कमिश्नर अभिषेक मीना ने कहा कि पिंकी को प्रशासनिक और कानूनी नियमों के तहत उचित आधार पर सस्पेंड किया गया था। उन्होंने कहा कि उन्हें नियमों के अनुसार बहाल भी किया गया और वह फिलहाल सरपंच के तौर पर काम कर रही हैं। डीसी ने यह भी कहा कि गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए दावा करना पिंकी का अधिकार है।