
झारखंड का मौसम एक बार फिर से बदलने वाला है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी भाग में बना गहरा निम्न दबाव क्षेत्र प्रबल चक्रवातीय तूफान में परिवर्तित होने की ओर अग्रसर है।
27 अक्तूबर की सुबह तक इसके गहरे निम्न दबाव से चक्रवातीय तूफान का रूप लेने के आसार हैं। उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए 28 अक्तूबर की सुबह तक यह गंभीर चक्रवातीय तूफान में बदल जाएगा। इसका सीधा असर झारखंड पर पड़ेगा और पूरे राज्य में 28 से 30 तक बादल छाएंगे और बारिश होगी। इस दौरान संताल और कोल्हान प्रमंडल के जिलों समेत सिमडेगा में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी।
मौसम विभाग के अनुसार इस चक्रवातीय तूफान के 28 अक्तूबर की रात मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा के आसपास आंध्र प्रदेश के तट को पार करने की आशंका है।
इस बीच 90 से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी।
न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक
रांची समेत राज्य के अलग-अलग हिस्सों में शनिवार को भी हल्के बादल छाए रहे। रांची का अधिकतम तापमान 29.8 और न्यूनतम 20.4 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो-तीन डिग्री अधिक है। वहीं अधिकतम तापमान दो डिग्री तक अधिक रहा। राज्य में गोड़्डा का तापमान सर्वाधिक 35.2 डिग्री दर्ज किया गया।
अगले तीन दिन में रांची में बढ़ेगी ठंड
रांची समेत राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में अगले तीन दिन के बाद अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री तक की गिरावट आएगी। दिन में ठंड बढ़ेगी। 29-30 अक्तूबर को कोल्हान, संताल और सिमडेगा में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी।
मौसम के करवट लेने के कारण
● बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र
● संताल और कोल्हान समेत सिमडेगा में कहीं-कहीं होगी भारी बारिश
● 27 को निम्न दबाव क्षेत्र बनेगा चक्रवातीय तूफान
● 24 घंटे बाद गंभीर चक्रवात में परिवर्तित होगा





