अमेरिका की मशहूर मोटरसाइकिल कंपनी हार्लेडेविडसन और भारत की सबसे बड़ी टूव्हीलर कंपनियों में से एक हीरो मोटोकॉर्प अपनी पार्टनरशिप को और मजबूत करने जा रही हैं. दोनों कंपनियां मिलकर नई एंट्रीलेवल परफॉर्मेंस मोटरसाइकिल और क्रूजर बाइक्स विकसित करेंगी. खास बात यह है कि इन बाइक्स का निर्माण भारत में होगा और बाद में इन्हें दुनिया के कई देशों में भी बेचा जाएगा.

फिलहाल भारतीय बाजार में HarleyDavidson X440 और Hero Mavrick 440 जैसी मोटरसाइकिलें उपलब्ध हैं, जिन्हें दोनों कंपनियों ने मिलकर विकसित किया है. अब इस साझेदारी के तहत कई नए मॉडल लॉन्च करने की तैयारी चल रही है.

इस साल आएंगी कई नई मोटरसाइकिलें

जानकारी के अनुसार, हीरो और हार्लेडेविडसन इस चालू वित्त वर्ष में कई नई बाइक्स लॉन्च करने वाली हैं. इनमें सबसे पहले HarleyDavidson Sprint को पेश किया जा सकता है. यह बाइक साल 2026 के आखिर तक बाजार में दस्तक दे सकती है. इसके बाद भी कई नए मॉडल लॉन्च किए जाने की योजना है. इन बाइक्स को केवल भारत में ही नहीं, बल्कि एशिया, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका जैसे उभरते बाजारों में भी निर्यात किया जा सकता है.

हार्ले ने क्या कहा?

हार्ले ने कहा है कि हीरो मोटोकॉर्प उसके लिए एक भरोसेमंद पार्टनर है. कंपनी का मकसद ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों तक हार्ले बाइक ब्रांड को पहुंचाना है. इसी रणनीति के तहत दोनों कंपनियां नए उत्पादों पर काम कर रही हैं. हालांकि कंपनी ने आने वाले मॉडलों की पूरी जानकारी नहीं दी है.

हीरो मोटोकॉर्प ने भी दिए संकेत

हीरो मोटोकॉर्प के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हर्षवर्धन चितले ने भी पुष्टि की है कि इस साल हार्ले ब्रांड की कई नई मोटरसाइकिलें लॉन्च की जाएंगी. उन्होंने कहा कि अगर हार्ले डिविडसन को किसी नए मॉडल की वैश्विक बाजार में जरूरत महसूस होती है, तो वह हीरो की ओर से भारत में बनाई गई बाइक को दूसरे देशों में भी बेच सकती है.

हार्लेडेविडसन की ग्लोबल स्ट्रेटजी

पिछले कुछ सालों में हार्लेडेविडसन को वैश्विक बाजार में चुनौतियों का सामना करना पड़ा है. वर्ष 2019 से 2025 के बीच कंपनी की वैश्विक बिक्री में लगभग 40 प्रतिशत की गिरावट आई है. इसी को देखते हुए कंपनी ने “Back to Bricks” नामक नई रणनीति अपनाई है. इसके तहत अगले तीन वर्षों में 20 नए मॉडल और वेरिएंट लॉन्च किए जाएंगे. कंपनी का लक्ष्य ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचना और बिक्री बढ़ाना है.

भारत बनेगा प्रीमियम बाइक हब

हीरो प्रीमियम मोटरसाइकिल सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए राजस्थान के नीमराना प्लांट का उपयोग कर रही है. यहां विशेष रूप से प्रीमियम बाइक्स का उत्पादन किया जा रहा है. इसके अलावा कंपनी देशभर में 130 से ज्यादा प्रीमियम शोरूम खोल चुकी है और लगातार नए शोरूम जोड़ रही है.

हार्लेडेविडसन ने क्यों छोड़ा था भारत?

हार्लेडेविडसन ने 2011 में हरियाणा के बावल में अपना प्लांट शुरू किया था. लेकिन ज्यादा टैरिफ, कमजोर बिक्री और लगातार नुकसान के कारण कंपनी ने 2019 में भारत में उत्पादन बंद करने का फैसला लिया. इसके बाद 2020 में हार्ले डेविडसन और हीरो मोटोकॉर्प के बीच समझौता हुआ. इस समझौते के तहत हीरो भारत में हार्ले बाइक्स की बिक्री, सर्विस और डिस्ट्रीब्यूशन का काम संभाल रही है.