Mohadi News: मोहाड़ी तहसील के कान्हलगांव सिर में बिना अनुमति अवैध रूप से मुरूम उत्खनन एवं परिवहन कर शासन के गौण खनिज राजस्व को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए पूर्व सरपंच राजू उपरकर ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

इस संबंध में उन्होंने विभागीय आयुक्त नागपुर, जिलाधिकारी भंडारा, उपविभागीय अधिकारी तुमसर, तहसीलदार मोहाड़ी तथा जिला खनन अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, मांडेसर से नामदेव लुटे खड़ीकरण मार्ग तथा मांडेसर रोड से हरगोविंद लुटे खड़ीकरण मार्ग के निर्माण कार्य के लिए कान्हलगांव सिर स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप की खदान से बड़े पैमाने पर मुरूम का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है।
नहीं ली गई स्वीकृति
आरोप है कि इस कार्य के लिए आवश्यक रॉयल्टी,, उत्खनन अनुमति अथवा अन्य किसी प्रकार की शासकीय स्वीकृति प्राप्त नहीं की गई है। उपरकर का कहना है कि उन्होंने पूर्व में भी संबंधित राजस्व अधिकारियों को इस मामले की जानकारी दी थी।
रॉयल्टी और अनुमति के बिना खनन का आरोप
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि कान्हलगांव अधिकारी शेंडे ने मौके का निरीक्षण किया था, जहां ट्रैक्टरों में मुरूम भरा जा रहा था। इसके बावजूद संबंधित वाहनों या ठेकेदारों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई और केवल मौखिक चेतावनी देकर मामला छोड़ दिया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि चेतावनी दिए जाने के बाद भी 14 जून को उसी स्थान पर दोबारा मुरूम उत्खनन जारी पाया गया।



