
Why 100 Stray Dogs Were Killed in Hyderabad: देशभर में आवारा कुत्तों के लोगों को काटने की खबरों के बीच हैदराबाद से चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. वहां पर याचरम नाम के गांव में करीब 100 आवारा कुत्तों को जहर देकर मार दिया गया है. इस घटना पर आपत्ति जताते हुए एक डॉग लवर संस्था के कार्यकर्ता ने गांव के सरपंच, सेक्रेटरी और एक वार्ड मेंबर के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज करवाया है. पशु प्रेमी का आरोप है कि इन्हीं लोगों ने साजिश करके आवारा कुत्तों की हत्या करवाई है.
जहरीला इंजेक्शन देकर 100 कुत्तों की हत्या
रिपोर्ट के मुताबिक, स्ट्रीट एनिमल फाउंडेशन ऑफ इंडिया से जुड़े एक पशु प्रेमी की ओर से पुलिस को यह शिकायत दी गई है. शिकायत में आरोप है कि 19 जनवरी को कुत्तों को ज़हरीला इंजेक्शन देकर मारा गया. पुलिस ने प्राथमिक जांच में शिकायत की पुष्टि होने के बाद आरोपियों के खिलाफभारतीय न्याय संहिता (BNS) और पशु क्रूरता निवारण कानून के तहत मामला दर्ज किया है.
मामले की जांच से जुड़े पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शिकायत में 100 कुत्तों के मरने की बात कही गई थी. हालांकि शुरुआती जांच में लगभग 50 कुत्तों के मरने की पुष्टि हुई है. बाकी कुत्तों के शव मिलने पर यह संख्या आगे बढ़ सकती है.
पहले भी सामने आ चुके हैं मामले
याचरम गांव में यह घटना ऐसे समय सामने आई है. जब तेलंगाना में अलग-अलग जगहों पर 500 से ज्यादा संख्या में आवारा कुत्तों को मारे जाने की वजह से पहले से ही बवाल मचा हुआ है. वहां के हनमकोंडा जिले के श्यामपेट और अरेपल्ली गांवों में करीब 300 आवारा कुत्तों को मार दिया गया था. इस मामले में शिकायत मिलने पर दो महिला सरपंचों और उनके पतियों समेत 9 लोगों पर केस दर्ज किया गया.
लोग क्यों कर रहे आवारा कुत्तों की हत्या?
इसी तरह के एक मामले में कामारेड्डी जिले में लगभग 200 आवारा कुत्तों को जहर देकर मार दिया गया. वहां पर भी पुलिस ने 5 सरपंचों समेत 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि आवारा कुत्तों के आतंक की वजह से लोग उनसे परेशान हो चुके हैं. सरकारों की ओर से कोई कदम न उठाए जाने की वजह से अब लोग परेशान होकर खुद ही उन्हें मारने लग गए हैं. हालांकि यह तरीका गैर-कानूनी है लेकिन लोगों का कहना है कि जब जिंदा रहेंगे, तभी तो कानून का पालन कर पाएंगे. अगर कुत्तों के काटने से रेबीज फैल गया तो क्या कानून उनकी जिंदगी वापस दिला सकेगा.





