उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को संत कबीर नगर में ₹684 करोड़ से अधिक लागत की 201 जनकल्याणकारी परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश दंगों, कर्फ्यू और माफियाओं से मुक्त हो गया है. अब यहां कोई अपराधी लड़की से छेड़खानी नहीं कर सकता. व्यापारियों को लूट नहीं सकता.

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अगर कोई ऐसा करता है तो खामियाजा एक ही होगा. या तो जेल जाना होगा या फिर जहन्नुम की यात्रा के लिए तैयार रहना होगा. योगी ने कहा कि 2017 से पहले बाढ़ से, बीमारी से, दंगों और कर्फ्यू से, आस्था पर हो रहे प्रहार से, गुंडागर्दी से, गरीबों की जमीनों पर हो रहे कब्जों से आमजन त्रस्त रहता था. गरीब को राशन नहीं मिलता था. समाजवादी और कांग्रेस,पाप करते थे और भुगतभोगी आप थे. शासन की सुविधा का लाभ नहीं मिलता था. आज तो बिना भेदभाव के सभी योजनाओं का लाभ मिल रहा है.

95 हजार गरीबों को मकान की सुविधा मिली

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन 95 हजार गरीबों को मकान की सुविधा मिली है, उन्होंने कभी सोचा भी नहीं होगा कि बिना किसी सिफारिश के मकान मिल पाएगा. जिन 3.5 लाख परिवारों के घर में शौचालय बना है, उन्होंने कभी सोचा भी नहीं होगा मगर यह डबल इंजन की सरकार है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन और नेतृत्व है. अब सभी के सपने सच हो रहे हैं.

युवाओं को नौकरी और रोजगार भी मिला

नौकरी और रोजगार पर बात करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में युवाओं का तेजी से विकास हो रहा है. आज प्रदेश में युवाओं के लिए नौकरी और रोजगार भी है. आज कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जो प्रोपगैंडा कर रही है, मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि उन्होंने क्या किया था. ये समाचार आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे है। बीमारी से मौतें होती थी, गरीब का बच्चा मरता था और ये मौन रहते थे. लेकिन आज समय बदला है. प्रदेश में आज गरीबों के लिए बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था है.