
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पिछले महीने 3 करोड़ रुपये की ज्वेलरी चोरी हुई थी. उसका अब पुलिस ने खुलासा कर दिया है. थाना सदर बाजार पुलिस और स्वाट सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस ने इनके कब्जे से करोड़ों रुपये के हीरे और सोने के आभूषण तथा नकदी बरामद की है. सबसे दिलचस्प बात यह है कि चोरों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए चोरी के बाद लंगड़ाकर चलना शुरू कर दिया था.
मामला 23 जनवरी 2026 की रात का है. दिल्ली रोड स्थित टाटा के CARATLANE शोरूम में अज्ञात चोरों ने दीवार काटकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. स्टोर मैनेजर की तहरीर पर थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज किया गया. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस और स्वाट टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों इरशाद उर्फ काला, दिलशाद, सलमा, काली और सीमा को छोटी रेलवे लाइन खलासी लाइन के पास से गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के कब्जे से सोने और डायमंड के आभूषण, करीब 45 हजार 100 रुपये नकद और अन्य सामान बरामद हुआ है. बरामद आभूषणों की कीमत लगभग तीन करोड़ रुपये आंकी गई है.
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी इरशाद उर्फ काला शातिर किस्म का अपराधी है. उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब एक महीने से कबाड़ी के भेष में शोरूम की रेकी कर रहा था. घटना वाली रात खराब मौसम का फायदा उठाकर उसने दीवार काटकर शोरूम में प्रवेश किया और सीसीटीवी से बचने के लिए नकाब पहन रखा था.
आरोपी ने चोरी के बाद पहचान छिपाने के लिए कपड़े बदले और लंगड़ाकर चलने की एक्टिंग की. पुलिस का कहना है कि आरोपी अपने परिजनों की मदद से चोरी के आभूषण अन्य राज्यों में बेचने की फिराक में थे. गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे में बढ़ोतरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह का संबंध अन्य राज्यों में हुई घटनाओं से तो नहीं है.




