प्रेमी जोड़े को पकड़ा, फिर वीडियो किया वायरल… प्रेमिका ने दे दी जान, बेटी की लाश देख मां को आया हार्ट अटैक!

प्रेमी जोड़े को पकड़ा, फिर वीडियो किया वायरल… प्रेमिका ने दे दी जान, बेटी की लाश देख मां को आया हार्ट अटैक

बिहार के पश्चिम चंपारण (बेतिया) जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. शिकारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मॉब लिंचिंग और मानसिक प्रताड़ना ने एक किशोरी को आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया. प्रेम-प्रसंग के शक में ग्रामीणों ने जिस तरह की बर्बरता दिखाई और उनका वीडियो वायरल किया, उससे आहत होकर किशोरी ने मौत को गले लगा लिया. वहीं, जवान बेटी का शव देख मां को दिल का दौरा पड़ गया, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है.

घटना की शुरुआत गुरुवार रात को हुई, जब ग्रामीणों ने किशोरी को पड़ोस के गांव के एक किशोर के साथ देख लिया. इसके बाद भीड़ ने कानून अपने हाथ में ले लिया. उनका वीडियो बनाया. किशोरी वहां से किसी तरह जान बचाकर भागी, लेकिन किशोर को पोल से बांध दिया गया. कड़ाके की ठंड में उसके कपड़े उतारकर रातभर बेरहमी से पीटा गया और उसके नाजुक अंगों पर वार किए गए. हैवानियत यहीं नहीं रुकी. शुक्रवार सुबह किशोर का सिर मुंडाकर और चेहरे पर कालिख पोतकर उसे पूरे गांव में घुमाया गया.

वायरल वीडियो बना जान का दुश्मन

इस पूरी दरिंदगी का वीडियो बनाकर ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. जब यह अपमानजनक वीडियो किशोरी के पास पहुंचा, तो वह लोकलाज और मानसिक आघात को सह नहीं सकी. शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे, जब उसके माता-पिता घर पर नहीं थे, किशोरी ने फंदे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली.

‘यह आत्महत्या नहीं, हत्या है’

किशोरी के पिता ने इसे एक सोची-समझी साजिश बताया है. उनका आरोप है कि उनकी बेटी घर में सो रही थी, उसे साजिश के तहत बाहर बुलाया गया और फिर इस पूरी घटना को अंजाम देकर उसकी जान ले ली गई. बेटी की मौत की खबर सुनते ही मां की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आ गया, जिनका इलाज बेतिया के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.

पुलिस की कार्रवाई और जांच

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह और थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे. पुलिस ने घायल किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया है और किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह ने बताया- मामले की गहन जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा कि यह हत्या है या आत्महत्या. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वालों और मारपीट करने वाले दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

(रिपोर्ट: कैलाश यादव)

Leave a Reply