बवाल के बाद Donald Trump ने Obama पर Racist वीडियो हटाया, लेकिन माफी मांगने से किया साफ इनकार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ओबामा का एक नस्लवादी वीडियो डिलीट कर दिया, जिसमें उन्हें बंदरों के रूप में दिखाया गया था। इस वीडियो को लेकर भारी विरोध हुआ था। हालांकि उन्होंने वीडियो डिलीट कर दिया, लेकिन रिपब्लिकन नेता ने माफी मांगने से इनकार कर दिया और कहा कि उन्होंने वीडियो का सिर्फ पहला हिस्सा देखा था, जो उनके अनुसार 2020 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों के बारे में ‘झूठे दावों’ का खंडन करने के लिए था।
 

वाशिंगटन से फ्लोरिडा जाते समय एयर फ़ोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि वीडियो के अंत में कुछ ऐसा था जो लोगों को पसंद नहीं आया। मुझे भी वह पसंद नहीं आता, लेकिन मैंने उसे नहीं देखा… मैंने सिर्फ पहला हिस्सा देखा, और वह वास्तव में मतदाता धोखाधड़ी के बारे में था। उन्होंने कहा कि नहीं, मुझसे कोई गलती नहीं हुई। मेरा मतलब है… मैं हजारों चीजें देखता हूं, और मैंने इसकी शुरुआत देखी। वह ठीक थी। साथ ही यह भी जोड़ा कि वह वीडियो के नस्लवादी हिस्से की निंदा करते हैं।
एक मिनट का यह वीडियो गुरुवार देर रात अपलोड किया गया था, जिसमें 2020 के चुनावों में पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन से ट्रंप की हार को लेकर कथित साजिशों के बारे में बात की गई थी। वीडियो में ओबामा दंपति को लगभग एक सेकंड के लिए बंदरों के रूप में दिखाया गया था। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। इस वीडियो ने भारी विवाद खड़ा कर दिया, जिसके बाद व्हाइट हाउस ने कहा कि यह पोस्ट ‘गलती से’ किया गया था और इसे हटा दिया गया है।
 

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने एक बयान में कहा कि यह एक इंटरनेट मीम वीडियो से लिया गया है जिसमें राष्ट्रपति ट्रंप को जंगल का राजा और डेमोक्रेट्स को ‘द लायन किंग’ के किरदारों के रूप में दिखाया गया है। कृपया इस तरह के झूठे आक्रोश को रोकें और आज उन मुद्दों पर रिपोर्ट करें जो वास्तव में अमेरिकी जनता के लिए मायने रखते हैं। 

Leave a Reply