क्रिकेटर रिंकू सिंह की फेसबुक आईडी हैक, हैकर्स ने ई-मेल भी बदला, हड़प ली मोनेटाइजेशन की पूरी कमाई!.

Cricketer Rinku Singh's Facebook ID was hacked

Rinku Singh Facebook Hack: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह इन दिनों मैदान से बाहर एक अलग ही ‘पिच’ पर मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। साइबर ठगों ने उनकी आधिकारिक फेसबुक आईडी हैक कर ली है। हैरानी की बात यह है कि हैकर्स ने न सिर्फ अकाउंट का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया, बल्कि उससे होने वाली मोनेटाइजेशन इनकम भी अपने बैंक खातों में ट्रांसफर कर ली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

व्यस्तता का उठाया फायदा

ओजोन सिटी गोल्ड स्टेट निवासी रिंकू सिंह के भाई सोनू सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रिंकू इन दिनों क्रिकेट मैचों और ट्रेनिंग सेशन में बेहद व्यस्त रहते हैं। इसी वजह से वह लंबे समय से अपनी फेसबुक आईडी पर ध्यान नहीं दे पाए। जब कुछ समय पहले उन्होंने अकाउंट लॉग-इन करने की कोशिश की, तो पासवर्ड गलत बताया गया। कई बार प्रयास करने के बावजूद वह अकाउंट एक्सेस नहीं कर सके।

बदली गई ईमेल आईडी और बैंक डिटेल

जांच में सामने आया है कि रिंकू की फेसबुक आईडी पहले उनकी निजी ईमेल आईडी (rinkukumar344.8.7) से जुड़ी हुई थी, जिसे हैकर्स ने बदलकर एक नई कॉमर्शियल ईमेल आईडी (commercial.rinkusingh) से लिंक कर दिया।

रिंकू सिंह का फेसबुक पेज मोनेटाइज्ड है, यानी उनके फोटो और वीडियो पर आने वाले विज्ञापनों से अच्छी-खासी कमाई होती है। हैकर्स अब उसी अकाउंट से खुद फोटो और वीडियो पोस्ट कर रहे हैं और उससे होने वाली पूरी आमदनी अपने पास रख रहे हैं।

पुलिस कार्रवाई और साइबर सेल अलर्ट

आईडी हैक होने का पता तब चला, जब रिंकू सिंह की जानकारी के बिना लगातार पोस्ट अपलोड होने लगे। इसके बाद रिंकू सिंह ने मामले की शिकायत एसएसपी से की। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर रामेंद्र शुक्ला ने बताया कि आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अब उस आईपी एड्रेस और ईमेल आईडी को ट्रैक कर रही है, जिनके जरिए अकाउंट में बदलाव किए गए। साथ ही, फेसबुक (मेटा) के अधिकारियों को पत्र भेजकर अकाउंट रिकवरी की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply