कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के एक स्कूल में मंगलवार को हुई फायरिंग में 7 लोगों की जान चली गई। पास के एक घर से भी दो शव मिले। हमले की संदिग्ध एक महिला थी, जिसकी भी मौत हो गई। कुल 10 जानें गई।
पुलिस ने बताया कि घटना स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर करीब 1:20 बजे टंबलर रिज के सेकंडरी स्कूल में हुई। इस घटना में 25 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर है, जिन्हें एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। इस स्कूल में क्लास 7 से 12वीं तक के 175 स्टूडेंट पढ़ते हैं। घटना के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अपनी प्रस्तावित जर्मनी यात्रा रद्द कर दी है।
आरसीएमपी ने एक बयान में कहा, गोलीबारी की प्रारंभिक प्रतिक्रिया के दौरान पुलिस ने खतरे का पता लगाने के लिए स्कूल में प्रवेश किया। तलाशी के दौरान अधिकारियों को कई पीड़ित मिले। संदिग्ध हमलावर भी मृत पाया गया, जिसके शरीर पर खुद को चोट पहुंचाने के निशान दिखायी दे रहे थे। बयान में कहा गया है कि संदिग्ध को छोड़कर छह अन्य व्यक्तियों को स्कूल के भीतर मृत पाया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को हेलीकॉप्टर से अस्पताल ले जाया गया है। तीसरे व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गयी। पीस रिवर साउथ स्कूल डिस्ट्रिक्ट ने कहा कि सेकेंडरी स्कूल और टंबलर रिज एलिमेंटरी स्कूल दोनों में ‘‘लॉकडाउन’’ लागू किया गया है यानी किसी को अंदर जाने या बाहर निकलने की अनुमति नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कनाडा में हुई गोलीबारी की घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में एक स्कूल में गोलीबारी की घटना में हमलावर सहित आठ लोगों की मौत हो गई तथा एक मकान में दो और लोग मृत पाए गए जिनका संबंध इस घटना से माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि कनाडा में हुई भयावह गोलीबारी की घटना से मैं बहुत व्यथित हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि गहरे दुख की इस घड़ी में भारत कनाडा के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है। रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) ने बताया कि टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल में हुई गोलीबारी में 25 से अधिक लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।



