
संगम नगरी प्रयागराज के जार्जटाउन इलाके में वैलेंटाइन-डे के दिन एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. फतेहपुर बिछुआ निवासी 17 वर्षीय आशुतोष गिरि उर्फ अमन ने अपनी प्रेमिका के व्यवहार और प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. आशुतोष 12वीं का छात्र था और एनडीए (NDA) की तैयारी कर रहा था. पुलिस को उसके कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है.
आशुतोष के कमरे से मिले पत्र में छात्रा ने लिखा था- डियर आशुतोष, मैं जानती हूं कि मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं, लेकिन अब मैं तुम्हारे साथ नहीं रह सकती. आई एम सॉरी, तुम मर जाओ, मुझसे कोई मतलब नहीं. बताया जा रहा है कि छात्रा पिछले कुछ समय से आशुतोष से दूरी बना रही थी और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी. शनिवार सुबह जब आशुतोष का शव फंदे से लटका मिला, तो परिवार में कोहराम मच गया.
जबरन वसूली और साजिश के आरोप
मृतक के पिता विनोद कुमार गिरि होमगार्ड में तैनात हैं. उन्होने पुलिस को दी तहरीर में गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया कि छात्रा और उसके साथियों ने आशुतोष का न केवल मानसिक बल्कि आर्थिक शोषण भी किया. घटना से चार दिन पहले कुछ लड़कों ने आशुतोष के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल भी छीन लिया था. परिजनों का आरोप है कि यह मोबाइल छात्रा के नए प्रेमी ने छीना था ताकि पुराने रिश्तों और चैट के सबूत मिटाए जा सकें.
परिजनों का हंगामा और चक्काजाम
घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शनिवार शाम बालसन चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि नामजद सभी छह आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए.इस दौरान पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। जार्जटाउन थाना प्रभारी रोहित तिवारी के आश्वासन के बाद कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी, परिजन सड़क से हटे और देर शाम अंतिम संस्कार किया गया.
पुलिस की कार्रवाई
जार्जटाउन पुलिस ने छात्रा, उसकी रूममेट और उसके नए प्रेमी सहित कुल छह लोगों के खिलाफ जबरन वसूली, धमकी और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. मुख्य आरोपी छात्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं.




