
मेरठ से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जब पाकिस्तानी महिला और उनकी बेटी पर बिना नागरिकता रहने, फर्जी दस्तावेज से पासपोर्ट तैयार कराने और वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने को लेकर देहली गेट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। स्थानीय महिला की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया है महिला के पिता आईएसआई के लिए काम करते थे। जली कोठी निवासी रुकसाना खान पत्नी अयाज खान ने डीएम-एसएसपी कार्यालय में कुछ माह पूर्व शिकायत में आरोप लगाया था कि नादिर अली बिल्डिंग निवासी पाकिस्तानी महिला 33 साल से मेरठ में बिना भारतीय नागरिकता रह रही है। महिला का निकाह नादिर अली बिल्डिंग निवासी व्यक्ति से पाकिस्तान में हुआ था।
1993 में बेटी संग पाकिस्तानी पासपोर्ट पर भारत आई थी
1993 में महिला ने पाकिस्तान में बेटी को जन्म दिया था। 25 मई 1993 को महिला बेटी संग पाकिस्तानी पासपोर्ट पर मेरठ आई। मां-बेटी ने भारतीय नागरिकता नहीं ली। एसपी सिटी को दी गई जांच में आरोप सही पाए गए, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। शिकायतकर्ता ने एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर के यहां शिकायत कर साक्ष्य पेश किए। एडीजी के आदेश पर शनिवार को देहली गेट थाने में महिला व बेटी पर धोखाधड़ी, जालसाजी कर फर्जी दस्तावेज बनाने समेत कई धारा में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस, खुफिया विभाग और आर्मी इंटेलिजेंस भी जांच में लगी हैं।
वोटर लिस्ट में भी नाम शामिल
मुकदमा वादी रुकसाना ने आरोप लगाया है कि भारतीय नागरिक नहीं होने के बावजूद महिला ने अपना नाम भी वोटर लिस्ट में दर्ज करा लिया। आरोप लगाया कि पाकिस्तानी मूल की महिला की बेटी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर देश से बाहर जा चुकी है। रुकसाना ने आरोप लगाया पाकिस्तानी मूल की महिला के पिता पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई में काम करते थे। आरोप लगाया महिला की भूमिका भी संदिग्ध है। एलआईयू, इंटेलिजेंस टीम और आर्मी इंटेलिजेंस भी छानबीन में लगी है। दोनों के पासपोर्ट, फोन कॉल डिटेल और अन्य दस्तावेज को लेकर जांच की मांग की है।
कई बार नागरिकता के लिए किया आवेदन
पाकिस्तानी मूल की महिला की ओर से नागरिकता के लिए आवेदन किया गया था। हालांकि उनकी फाइल पर कोई एक्शन नहीं हुआ और नागरिकता नहीं मिल पाई। दोबारा भी आवेदन किया गया था, लेकिन फाइल डीएम कार्यालय पर अटकी रही। महिला को यहां परिवार के साथ रहते हुए करीब 33 साल हो गए हैं। अब मां-बेटी पर कई धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। महिला के पति का कहना है करीब 33 साल से वह मेरठ में अपनी ससुराल में रह रही है। पाकिस्तान के साथ जब भी भारत का क्रिकेट मैच होता था, महिला हमेशा भारत की जीत के लिए दुआ करती थी।
साजिश के तहत लगाए आरोप, बोला- महिला का पति
आरोपी बनाई गई महिला के पति ने बताया कि दूसरे पक्ष से उनका वक्फ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद है। उनकी पत्नी को देश की नागरिकता के लिए फाइल तैयार कर प्रशासन को दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। बेटी का जन्मस्थान पासपोर्ट में भी पाकिस्तान ही दर्ज कराया था। ये सभी आरोप साजिश के तहत लगाए जा रहे हैं। उनकी ओर से अधिकारियों और कोर्ट में शिकायत की जाएगी। मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि महिला और इनकी बेटी के खिलाफ शिकायत मिली थी, जिस पर जांच कराई गई। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। बिना नागरिकता के रहने की पुष्टि हुई है। पासपोर्ट को लेकर भी जांच चल रही है। प्रारंभिक जांच में दोषी मिलने पर मुकदमा दर्ज कराया है।



