
जहानाबाद की जिस छात्रा की पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी, उस मामले में बड़ी खबर निकलकर के सामने आ रही है. मिली जानकारी के अनुसार छात्रा के परिजनों को दोबारा धमकी मिली है. दोबारा दी गई धमकी में अब बेटे को जान से मार दिए जाने की बात कही गई है. दोबारा धमकी मिलने के बाद परिजन अब दहशत में आ गए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
जानकारी के अनुसार, 17 फरवरी यानी मंगलवार को छात्रा के पैतृक आवास में खिड़की के बाहर से एक पर्चा घर के अंदर फेंका गया. इसमें धमकी भरे शब्दों में लिखा था कि न माना तो बेटी गई, बेटा भी दो दिन में मरेगा. इस धमकी भरे पर्चे के घर में मिलने के बाद परिजनों में भय और दहशत का माहौल बन गया है. उनका कहना है कि दिन के वक्त घर की सुरक्षा के लिए चौकीदार तैनात रहता है. इसके बाद भी इस तरह का पर्चा मिलना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है.
इस संबंध में छात्रा के पिता ने कहा- हमें फिर से धमकी भरा पर्चा मिला है. तीन दिन पहले भी धमकी मिली थी. दोनों में लिखावट एक जैसी लग रही है. कहीं न कहीं मामला ग्रामीण परिवेश से ही जुड़ा हुआ है. ये किसी बच्चे के द्वारा लिखा हुआ लग रहा है. इसमें किन्हीं बड़े लोगों का हाथ भी हो सकता है. कौन है, यह जांच करना प्रशासन की जिम्मेदारी है. पहले वाले पर्चे की लिखित जानकारी थाने को दी गई. यहां प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के लिए एक चौकीदार और दो कांस्टेबल दिए गए हैं. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। उनके रहते हुए भी लगातार धमकी मिल रही हैं. इससे हम सभी हैरान और परेशान हैं लेकिन हमें प्रशासन से उम्मीद है कि हमें सुरक्षा मिलेगी.
किचन की खिड़की के पास मिला पर्चा
उन्होंने कहा कि आज का जो पर्चा था, वो घर में ही किचन की खिड़की के पास मिला. परिजनों ने देखा तो इसके बारे में जानकारी दी. पर्चे में लिखा हुआ था कि बेटी चली गई, बेटे को मार दिया जाएगा. पूरी घटना से डर बना हुआ है. छात्रा के पिता ने कहा- सरकार कहती है कि सुरक्षा दे रहे हैं. सब कुछ न्याय संगत हो रहा है लेकिन प्रशासन 100% निष्क्रिय है. आम जनता की सुरक्षा के चिंता प्रशासन को नहीं है. आम जनता असुरक्षित है. आने वाले वक्त में और असुरक्षा रहेगी. भगवान पर भरोसा है, वही सुरक्षित रखे हैं.
उनका ये भी कहना था कि दो बार धमकी मिल चुकी है. पहले जो सूचना मिली थी, उसकी जानकारी प्रशासन को दी गई थी और उसकी रिसीविंग भी मैंने ले ली थी.
पर्चे के मामले में पुलिस ने क्या कहा?
वहीं इस संबंध में शकूराबाद थाने से यह जानकारी दी गई कि थाने को अब तक इस घटना की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है. जानकारी मिलते ही मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
सीबीआई कर रही जांच
नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले की जांच अब सीबीआई के द्वारा की जा रही है. सीबीआई इस संबंध में अपने जांच के दायरे को बढ़ा भी रही है. शनिवार को ही मृतका के पैतृक आवास में किचन से ही एक धमकी भरा पत्र मिला था. इसके बाद पुलिस के स्तर पर मामले की जांच किए जाने की खबर सामने आई थी. अब दोबारा धमकी मिलने के बाद संदिग्ध मौत का यह मामला और गंभीर होता हुआ नजर आ रहा है.




