बैतूल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एकतरफा प्यार और परेशान करने से तंग आकर एक महिला ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी।

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में एकतरफा प्यार और तंग करने के चलते हत्या की एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। जिला मुख्यालय से करीब 60 किमी दूर भैंसदेही के ग्राम कौड़िया में एक महिला ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर महाराष्ट्र निवासी युवक की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए उसके शव को खेत में दफना दिया।
एक बाइक ने खोला हत्या का राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कौड़िया में बिसराम साल्वे के घर के सामने एक लावारिस बाइक खड़ी है। एसपी वीरेंद्र जैन ने बताया कि जब पुलिस जांच करने पहुंची तो बिसराम साल्वे घर से गायब था, उसकी पत्नी सोनाय साल्वे गोलमोल जवाब दे रही थी और बेटी सुमित्रा बच्चों को लेकर सातनेर चली गई थी। संदेह होने पर जब पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
परेशान होकर बनाई मौत की योजना
पूछताछ में सामने आया कि मृतक शिवम धुर्वे (28), निवासी महाराष्ट्र, सुमित्रा का परिचित था और उस पर बुरी नीयत रखता था। सुमित्रा शादीशुदा थी और दो बच्चों की मां है। उसका पति महाराष्ट्र में मजदूरी करता है। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। सुमित्रा का आरोप है कि शिवम उसे लंबे समय से परेशान कर रहा था और लगातार धमकियां दे रहा था। इससे तंग आकर सुमित्रा ने उसे सबक सिखाने के लिए 13 फरवरी को अपने मायके (ग्राम कौड़िया) बुलाया। जैसे ही शिवम वहां पहुंचा, सुमित्रा ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और जमकर मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
खेत में दफन किया शव
हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छुपाने के मकसद से शव को पास के ही एक खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। हालांकि, जल्दबाजी में वे मृतक की बाइक को ठिकाने लगाना भूल गए, जो उनके घर के सामने ही खड़ी रही।



