
बॉलीवुड के गलियारों में इस समय सबसे बड़ी चर्चा रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के ट्रेलर को लेकर है। फिल्म की रिलीज की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे इसके ट्रेलर लॉन्च के पीछे चल रहा ड्रामा किसी सस्पेंस फिल्म से कम नहीं लग रहा है। पहले रिपोर्ट सामने आई थी कि ट्रेलर होली के दिन रिलीज किया जाएगा। फिर एक अपडेट सामने आया कि ये होली से एक दिन पहले ही रिलीज होगा। अब बॉलीवुड हंगामा की ताजा रिपोर्ट के अनुसार ट्रेलर की रिलीज डेट को लेकर आखिरी मिनट में एक बड़ा बदलाव हुआ है, जिसके पीछे की वजह काफी हैरान करने वाली है।
ज्योतिष और चंद्र ग्रहण का साया
पहले यह खबर आई थी कि फिल्म का ट्रेलर मंगलवार 3 मार्च को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जाएगा। फैंस बेसब्री से इस दिन का इंतजार कर रहे थे, लेकिन सोमवार आते-आते जियो स्टूडियोज ने अपनी योजना बदल दी। बॉलीवुड हंगामा को एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया कि 3 मार्च को ट्रेलर रिलीज करने की योजना कोई अफवाह नहीं थी, बल्कि मेकर्स ने पूरी तैयारी कर ली थी। अचानक हुए इस बदलाव का कारण चंद्र ग्रहण बताया जा रहा है। सूत्र के मुताबिक, ‘मेकर्स को सलाह दी गई कि 3 मार्च को चंद्र ग्रहण है, जिसे किसी भी नई शुरुआत के लिए शुभ नहीं माना जाता। ग्रहण का समय सुबह 9:39 बजे से शाम 6:46 बजे तक बताया गया है। चूंकि ट्रेलर आमतौर पर दोपहर के समय लॉन्च किए जाते हैं, जो ग्रहण के सूतक काल में ही आता है, इसलिए टीम ने जोखिम न लेते हुए इसे स्थगित करने का फैसला किया।’
NMACC इवेंट से डिजिटल लॉन्च तक का सफर
ट्रेलर लॉन्च की प्लानिंग में यह पहला बदलाव नहीं है। इससे पहले फरवरी में चर्चा थी कि मेकर्स मुंबई के भव्य नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में एक बड़ा रेड कार्पेट इवेंट करेंगे। लेकिन बाद में उस मेगा इवेंट का विचार छोड़ दिया गया और टीम ने 3 मार्च को सीधे डिजिटल लॉन्च करने का मन बनाया था। अब, ग्रहण के कारण पैदा हुई बाधा के बाद, उम्मीद जताई जा रही है कि ट्रेलर 5 मार्च को बिना किसी बड़े तामझाम के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जा सकता है। हालांकि सटीक तारीख पर अब भी सस्पेंस बरकरार है।
बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ बनाम ‘टॉक्सिक’
‘धुरंधर: द रिवेंज’ की कहानी एक भारतीय जासूस (रणवीर सिंह) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पाकिस्तान के आपराधिक सिंडिकेट और राजनीतिक तंत्र में घुसपैठ करता है। इस सीक्वल में रणवीर के साथ आर. माधवन, संजय दत्त, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे, लेकिन असली मुकाबला बॉक्स ऑफिस पर होगा। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। ‘धुरंधर’ का सीधा मुकाबला ‘केजीएफ’ फेम यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ से होने जा रहा है। जहां ‘धुरंधर’ के ट्रेलर पर सस्पेंस है, वहीं यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ के मेकर्स ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म का ट्रेलर 8 मार्च को बेंगलुरु में एक भव्य समारोह में लॉन्च किया जाएगा।



