
जबलपुर। जबलपुर के गोसलपुर क्षेत्र की शंकर कॉलोनी में शनिवार शाम दिनदहाड़े एक मासूम बच्ची के अपहरण के प्रयास से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शाम करीब 4:30 बजे शंकर कालोनी निवासी एक 6 वर्षीय बालिका अपनी बड़ी बहन के साथ घर के पास स्थित डेयरी पर दूध लेने जा रही थी। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। तभी अचानक लाल साड़ी पहने और नाक में बड़ी नथ वाली एक अज्ञात महिला ने छोटी बच्ची को दबोच लिया और उसे जबरन साथ ले जाने लगी।
संकट की घड़ी में बड़ी बहन ने अदम्य साहस दिखाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चियों की चीख सुनकर राहगीर और स्थानीय लोग तत्काल मौके की ओर दौड़े, जिन्हें आता देख महिला बच्ची को छोड़कर गलियों के रास्ते फरार हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संदिग्ध महिला के गाल पर तिल का निशान है।
गौरतलब है कि गोसलपुर में एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी घटना है, इससे पूर्व खेरमाता बड़ी मढ़िया के पास रहने वाले गुलाम हुसैन की पांच वर्षीय पुत्री के अपहरण का प्रयास भी कुछ युवकों द्वारा किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी गाजीबती कौशाम ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची थी और संदिग्ध की तलाश जारी है। पुलिस ने अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।





