सुलह कराने पहुंची थी सास, दामाद ने गोली मारकर ले ली जान… बिजनौर में खूनी वारदात से दहशत!

सुलह कराने पहुंची थी सास, दामाद ने गोली मारकर ले ली जान… बिजनौर में खूनी वारदात से दहशत

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक कलयुगी दामाद ने अपनी ही सास की गोली मारकर हत्या कर डाली. मृतका का कसूर सिर्फ इतना था कि वह अपनी बेटी और दामाद के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने और उन्हें समझदारी से गृहस्थी चलाने की नसीहत देने पहुंची थी. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने आरोपी दामाद को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार कर लिया है.

घटना नहटौर थाना क्षेत्र के गांव फुलसंदा गंगदास की है. जानकारी के अनुसार, गांव के ही रहने वाले सजल और भावना ने करीब तीन साल पहले प्रेम विवाह (लव मैरिज) किया था. शादी के बाद दोनों घर से चले गए थे, लेकिन करीब दो महीने पहले ही वे वापस गांव आकर रहने लगे थे. शुक्रवार शाम करीब 5 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया.

बीच-बचाव करने पर बरसाई गोली

जब झगड़ा बढ़ा, तो भावना ने अपनी मां बबली को इसकी जानकारी दी. बबली तुरंत बेटी के घर पहुंची और दामाद सजल को समझाने की कोशिश की. भावना ने आरोप लगाया कि सजल शराब पीकर उसके साथ दुर्व्यवहार करता है. इस पर जब बबली ने अपने दामाद को फटकार लगाई और बेटी के साथ मारपीट न करने की नसीहत दी, तो सजल आगबबूला हो गया.

गुस्से में पागल सजल ने पहले अपनी पत्नी भावना को थप्पड़ों और घूसों से बुरी तरह पीटा. जब मां बबली ने बीच-बचाव कर अपनी बेटी को बचाने की कोशिश की, तो सजल ने पास रखा 315 बोर का तमंचा निकाला और सीधे बबली के सिर में गोली मार दी.

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

गोली की आवाज सुनकर गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. आरोपी सजल वहां से फरार हो गया. ग्रामीण आनन-फानन में लहूलुहान बबली को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद से गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है.

पुलिस की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीमें गठित कीं. बिजनौर के एसपी पूर्वी अमित किशोर ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सजल को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का तमंचा भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.

Leave a Reply