
IND vs NZ T20 World Cup Final: इंतजार की घड़ी समाप्त होने वाली है. अब से कुछ घंटे बाद दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच ब्लॉकबस्टर मैच होने वाला है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस महामुकाबले को लेकर दुनियाभर के फैंस बेहद उत्साहित हैं. एक तरह टीम इंडिया ‘हिस्ट्री रिपीट’ करने की तैयारी में है, वहीं न्यूजीलैंड की नजर पहली बार टी20 विश्व चैंपियन बनने पर है. सेमीफाइनल में सूर्या एंड कंपनी ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल तक का सफर तय किया. वहीं, कीवी टीम ने खतरनाक साउथ अफ्रीका को बुरी तरह रौंद दिया.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत से भिड़ने से पहले कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर ने बड़ा बयान दिया है. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम रविवार (8 मार्च) को कुछ दिलों को तोड़कर अगर वर्ल्ड कप जीतते हैं तो कोई दिक्कत नहीं है. सैंटनर को भारत के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद इसलिए भी है, क्योंकि टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के आंकड़े न्यूजीलैंड के खिलाफ अच्छा नहीं रहा है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं चलता बुमराह का मैजिक
भारत को फाइनल में पहुंचाने में जसप्रीत बुमराह का अहम रोल रहा है. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए सेमीफाइनल में एक तरफ रनों की बरसात हो रही थी, लेकिन ऐसा लगा मानो बुमराह किसी दूसरी पिच पर गेंदबाजी कर रहे थे. 254 रनों का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 247 रन बना दिए, लेकिन बुमराह ने 4 ओवर में सिर्फ 33 रन खर्च किए. हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ वो इस तरह का मैजिक दिखाने में कामयाब नहीं होते हैं.
न्यूजीलैंड इकलौती ऐसी टीम है जिसके खिलाफ जसप्रीत बुमराह के सभी प्रारूपों में आंकड़े उनके पूरे करियर के आंकड़ों से भी खराब हैं. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की बात करें तो बुमराह का करियर औसत 18.57 का है, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ ये बढ़कर 23.37 हो जाता है. उनका करियर स्ट्राइक रेट 17.0 का है, लेकिन कीवियों के खिलाफ ये बढ़कर 19.8 है. इकोनॉमी रेट के मामले में भी बुमराह न्यूजीलैंड के खिलाफ 7.05 से रन लुटाते हैं, वहीं उनका करियर इकोनॉमी रेट 6.55 है. यहां हम सिर्फ T20I के आंकड़े दिखा रहे हैं, लेकिन टेस्ट और ODI में भी न्यूजीलैंड के सामने बुमराह का रिकॉर्ड उतना अच्छा नहीं रहा है. जाहिर है कि भारत को अगर तीसरी बार टी20 विश्व चैंपियन बनना है तो फाइनल में बुमराह को मैजिक दिखाना ही होगा. हालांकि, इन आंकड़ों से ये तो साफ है कि बुमराह का सामना करने से कीवी बल्लेबाज डरेंगे नहीं, बल्कि उनका आत्मविश्वास ऊपर होगा.





