
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के पास अनेकल इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. होन्नाकलासपुर निवासी रियल एस्टेट एजेंट गोपाल (गोपी) की बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर अपहरण किया. फिर तमिलनाडु ले जाकर उनकी बेरहमी से हत्या कर डाली. इस घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है और आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के घर पर पथराव किया है.
घटना 8 मार्च की शाम करीब 7:30 बजे की है. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। गोपाल अपने दोस्त सतीश (आतिश) के साथ कार से घर लौट रहे थे. करपुर गेट के पास बदमाशों ने जानबूझकर उनकी कार को टक्कर मार दी. जैसे ही गोपाल और उनका दोस्त कार से नीचे उतरे, हमलावरों ने उनके चेहरे पर मिर्च स्प्रे झोंक दिया. आंखों में जलन के कारण जब तक वे कुछ समझ पाते, बदमाश गोपाल को जबरन अपनी कार में डालकर फरार हो गए.
10 साल पुरानी रंजिश और वन-साइड लव
पुलिस जांच में पता चला कि इस हत्या के पीछे मुख्य आरोपी मोहन बाबू का हाथ होने का संदेह है. गोपाल और मोहन बाबू कभी रियल एस्टेट में साथ काम करते थे. दुश्मनी की जड़ 10 साल पुरानी है, जब गोपाल ने स्वाति नाम की युवती से शादी की थी. बताया जा रहा है कि मोहन बाबू भी स्वाति से प्रेम करता था. इसके अलावा, व्यापार में गोपाल की तरक्की से मोहन बाबू जलता था. उसने 2 साल पहले भी गोपाल का अपहरण कर जानलेवा हमला किया था.
तमिलनाडु में मिला शव, इलाके में बवाल
अपहरण के बाद दोस्त सतीश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अगले ही दिन (9 मार्च) तमिलनाडु के डेनकनिकोटे के पास गोपाल का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ. मौत की खबर फैलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने न केवल अनेकल पुलिस स्टेशन का घेराव किया, बल्कि आरोपी मोहन बाबू के घर पर पथराव भी किया.
बताया जा रहा है कि आरोपी मोहन बाबू ने भी आत्महत्या कर ली है. हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई है. पुलिस इस पूरे घटनाक्रम और सुपारी (25 लाख रुपये) के एंगल की गहनता से जांच कर रही है.


