दिल्ली: ईद पर नए कपड़े खरीदने को लेकर पत्नी से हुई लड़ाई, मां आई सुलह करवाने… बेटे ने उसे ही पटक कर मार डाला!

दिल्ली: ईद पर नए कपड़े खरीदने को लेकर पत्नी से हुई लड़ाई, मां आई सुलह करवाने… बेटे ने उसे ही पटक कर मार डाला

दिल्ली के सीमापुरी इलाके से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक कलयुगी बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपनी ही 60 वर्षीय बुजुर्ग मां की बेरहमी से हत्या कर दी. त्योहार की खुशियों की तैयारी कर रहे परिवार में अब मातम पसरा है और आरोपी बेटा सलाखों के पीछे है.

घटना नई सीमापुरी इलाके की है. पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान हमीदुन निशा (60) के रूप में हुई है. वो अपने बेटे शेर अली, बहू संजीदा और तीन पोते-पोतियों के साथ रहती थीं. आरोपी शेर अली पेशे से दर्जी है और गाजियाबाद के लोनी में काम करता है. बुधवार रात घर में ईद के लिए नए कपड़े बनवाने को लेकर चर्चा चल रही थी, जो देखते ही देखते मौत के तांडव में बदल गई.

पत्नी से विवाद और मां की मौत

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शेर अली की पत्नी संजीदा ने उससे ईद के लिए नए कपड़े बनवाने की बात कही थी. शेर अली ने पैसे की तंगी का हवाला दिया, जिस पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि शेर अली अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने लगा.

घर में मचे शोर को सुनकर बुजुर्ग मां हमीदुन निशा बीच-बचाव करने पहुंचीं. उन्होंने अपने बेटे को शांत करने की कोशिश की, लेकिन गुस्से में अंधा हो चुका शेर अली अपनी मां पर ही भड़क गया. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। उसने मां को हटने के लिए कहा, और जब उन्होंने हाथ नहीं छोड़ा तो आरोपी ने उन्हें उठाकर जोर से पत्थर के फर्श पर पटक दिया.

अस्पताल में तोड़ा दम, बहन ने दर्ज कराया केस

फर्श पर गिरते ही हमीदुन निशा के सिर में गंभीर चोट आई और वह अचेत हो गईं. आनन-फानन में परिजन उन्हें नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें जीटीवी (GTB) अस्पताल रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतका की बेटी शबनम ने अपने ही भाई के खिलाफ हत्या की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शेर अली को गिरफ्तार कर लिया है. एक पुलिस अधिकारी ने बताया- आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.

Leave a Reply