
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के अस्तौली गांव में एक युवक की पत्नी से उसके साढू ने बदसलूकी की. पति ने इसका विरोध किया दो साढू के साथ उसकी बहसबाजी हो गई. बाद में साढू ने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर डाली. इस हमले में युवक की दोनों टांगें और एक हाथ की हड्डी टूट गई. गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, दनकौर क्षेत्र के अस्तौली गांव निवासी मोहित कुछ दिन पहले अपनी पत्नी के साथ बुलंदशहर जिले के एक गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था. इसी दौरान किसी बात को लेकर मोहित के साढू और उसकी पत्नी के बीच कहासुनी हो गई. आरोप है कि साढू ने मोहित की पत्नी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. जब मोहित ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. उस समय मामला किसी तरह शांत तो हो गया, लेकिन आरोप है कि साढू ने जाते-जाते मोहित को देख लेने और जान से मारने की धमकी दी थी.
रास्ते में घेरकर किया जानलेवा हमला
पीड़ित के भाई अभिषेक भाटी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया- बुधवार को मोहित किसी जरूरी काम से सिकंदराबाद की ओर जा रहा था. इसी दौरान चीती गांव के पास एक कार ने उसकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया. आरोप है कि कार में मोहित का साढू और उसके चार अन्य साथी सवार थे. बाइक रुकते ही सभी लोग नीचे उतरे और मोहित पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. अचानक हुए हमले में मोहित संभल नहीं पाया और आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. उन्होंने मोहित को इतनी बुरी तरह पीटा कि उसके दोनों पैर और एक हाथ की हड्डियां टूट गईं. इसके अलावा शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. बताया जा रहा है कि कार सवार आरोपी मोहित को मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए.
परिजनों ने पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित के परिजनों ने शुक्रवार को पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. परिजनों का कहना है कि यह हमला पूरी तरह से सुनियोजित था और आरोपियों ने रास्ते में घेरकर जान से मारने की नीयत से हमला किया था. परिजनों का यह भी कहना है कि अगर समय रहते लोगों की नजर मोहित पर नहीं पड़ती, तो उसकी जान भी जा सकती थी. फिलहाल, परिवार अस्पताल में घायल मोहित के इलाज में जुटा हुआ है. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। इस पूरे मामले में दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है.



