
लखनऊ के जानकीपुरम इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने इलाके में हलचल मचा दी है। यहां एक युवक पर आरोप है कि उसने अपना नाम बदलकर एक युवती से दोस्ती की और बाद में उसे अपने जाल में फंसा लिया। इस पूरे मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़िता की बहन गुस्से में पुलिस प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करती नजर आ रही है।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक का असली नाम नफीस खान है, लेकिन उसने खुद को ‘राजू’ बताकर युवती से संपर्क बढ़ाया। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और युवक ने भरोसा जीतकर युवती को अपने साथ ले जाने की कोशिश की। परिवार के मुताबिक 21 फरवरी को आरोपी युवती को अपने साथ लेकर चला गया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अगले दिन युवती को बरामद कर परिवार को सौंप दिया था।
हालांकि परिवार का कहना है कि मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। उनका आरोप है कि 6 मार्च को आरोपी एक बार फिर युवती को अपने साथ ले गया। पीड़ित पक्ष का दावा है कि इस दौरान युवती पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि युवती ने अपने जीजा को फोन कर यह जानकारी दी कि उस पर जबरन धर्म बदलने के लिए दबाव डाला जा रहा है।
इस मामले में पुलिस की कार्रवाई से नाराज होकर परिवार के लोग जानकीपुरम थाने पहुंच गए और विरोध जताया। देर रात तक चले इस हंगामे में कुछ सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता भी शामिल हो गए, जिन्होंने थाने के बाहर प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विरोध बढ़ने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पीड़ित परिवार का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी उन्हें आरोपी पक्ष की ओर से धमकियां मिल रही हैं, जिससे परिवार में डर का माहौल बना हुआ है। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और दर्ज शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।


