आपको मिला LPG सिलेंडर का ये मैसेज? गलती से भी क्लिक किए तो बैंक खाता हो जाएगा खाली! हो जाइए सावधान!


अगर आप भी रसोई गैस की किल्लत को लेकर परेशान हैं और जल्द से जल्द सिलेंडर पाना चाहते हैं, तो जरा सावधान हो जाइए! आपकी यही जल्दबाजी आपको कंगाल बना सकती है. दरअसल मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण भारत में गैस और तेल की दिक्कत बढ़ सकती है. सबसे ज्यादा परेशानी एलपीजी सप्लाई को लेकर हो सकती है. सरकार ने लोगों को अफवाहों से सावधान रहने की सलाह दी है. केंद्र सरकार ने कहा है कि देश में फिलहाल एलपीजी की कोई कमी नहीं है. इसी बीच स्कैमर्स भी एक्टिव हो गए हैं. WhatsApp और मोबाइल SMS पर कई तरह से स्कैम मैसेज कर लोगों के साथ ठगी करने की कोशिश कर रहे हैं.

गैस किल्लत को देखते हुए स्कैमर्स WhatsApp और SMS पर Pay Now, Get Gas Tomorrow जैसे मैसेज के साथ स्कैम का जाल बिछा रहे हैं. बड़ी कंपनियों के असली दिखने वाले लोगो और फेक विज्ञापनों के जरिए लोगों के बैंक खाते से पैसे साफ करने की कोशिश कर रहे हैं. आखिर क्या है यह नया LPG डिलीवरी स्कैम और आप इससे कैसे बच सकते हैं? आइए जानते हैं…

कैसे काम करता है Pay Now, Get Gas Tomorrow का जाल?
गैस की किल्लत को देखते हुए स्कैमर्स लोगों की मजबूरी और जल्दबाजी का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। WhatsApp और SMS पर लुभावने मैसेज के जरिए दावा किया जाता है कि अगर आप आज पेमेंट करते हैं तो अगले ही दिन सिलेंडर की डिलीवरी मिल जाएगी. अक्सर इन मैसेज में अभी पे करें, कल गैस पाएं जैसी लाइनें लिखी होती हैं जो किसी भी व्यक्ति को आसानी से झांसे में फंसा सकती है.

स्कैमर्स Indane, Bharat Gas और HP Gas जैसी बड़ी कंपनियों के लोगों के साथ फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फेक विज्ञापन भी चला रहे हैं. जब यूजर इन विज्ञापनों पर क्लिक करता है तो वह एक हूबहू दिखने वाली फेक वेबसाइट पर पहुंच जाता है. यहां उनसे बुकिंग के नाम पर पेमेंट की डिटेल्स मांगी जाती है और जैसे ही यूजर डिटेल भरता है उसके बैंक खाते से पैसे साफ कर दिए जाते हैं.

पुलिस ने भी जारी की चेतावनी
इस बढ़ते खतरे को देखते हुए देश की बड़ी गैस कंपनियों ने भी आगाह किया है कि वे कभी भी किसी रैंडम लिंक या इस तरह के मैसेज के जरिए एडवांस पेमेंट की मांग नहीं करती हैं. आधिकारिक बुकिंग हमेशा केवल रजिस्टर्ड ऐप, आधिकारिक वेबसाइट या डीलर के जरिए से ही होती है. इस बीच दिल्ली पुलिस ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें बताया है कि स्कैमर्स किस तरह घबराहट पैदा करते हैं और लोगों से गैस बुकिंग या सप्लाई की पुष्टि के लिए लिंक पर क्लिक करने को कहते हैं.

LPG सिलेंडर की कमी को लेकर फैलाई जा रही अफ़वाह साइबर ठगों द्वारा बुना गया एक झांसा है

इस तरह की ठगी से बचने के लिए क्या करें

सिलेंडर बुकिंग के लिए अनजान लिंक पर भरोसा न करें.

अगर आपके पास कोई ऐसा मैसेज आता है जिसमें भारी डिस्काउंट या तुरंत डिलीवरी देने की बात कही जा रही है तो उस लिंक पर क्लिक करने से बचें.

किसी भी साइट पर पेमेंट करने से पहले उसका URL जरूर देखें. तय चेक करें कि वह कंपनी की आधिकारिक डोमेन नेम से मैच करता है या नहीं.

इसके साथ ही अपना UPI पिन, OTP या नेट बैंकिंग पासवर्ड कभी भी किसी के साथ शेयर न करें.

क्या करें अगर आप शिकार हो जाएं?
अगर आप इस तरह के किसी भी स्कैम का शिकार हो जाते हैं तो बिना देर किए भारत सरकार की साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें.

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सरकार का कहना है कि देश में LPG को लेकर कोई संकट अभी नहीं है. लोगों को समय पर सिलेंडर की डिलीवरी मिल रही है.

 

Leave a Reply