
Mojtaba Khamenei News: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई बहुत लकी निकले. आज वह भी अपने पिता अली खामेनेई के साथ मारे गए होते. मगर किस्मत से वह बच निकले. अगर उस दिन वह अपने बगीचे में टहलने नहीं निकले होते तो शायद आज परिवार के अन्य सदस्यों की तरह उनकी भी मौत हो जाती. जी हां, एक ऑडियो लीक से खुलासा हुआ है कि मोजतबा खामेनेई कुछ ही सेकेंड से मौत से बच गए थे. बता दें कि 28 फरवरी को इजरायल-अमेरिका ने मिलकर अटैक किया था. उसी अटैक में अली खामेनेई की मौत हो गई थी. अभी नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई कहां हैं, इसके लोकेशन का भी खुलासा नहीं हुआ है.
जी हां, ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई अमेरिकी और इजरायली हवाई हमलों से इसलिए बच गए, क्योंकि मिसाइलों से उनके घर पर हमला होने से कुछ मिनट पहले ही वह अपने बगीचे में टहलने के लिए बाहर निकल गए थे. जिस अमेरिकी-इजरायली अटैक में उनके पिता अली खामेनेई और अन्य परिवार को मारा गया, उसी में मोजतबा खामेनेई को भी टारगेट किया गया था. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। मगर उनकी किस्मत अच्छी रही और वह घर से बाहर निकल चुके थे. जिसकी वजह से वह मिसाइल अटैक में सेंकेड के अंतर से बाल-बाल बच गए.
‘द टेलीग्राफ’ को मिले एक लीक ऑडियो से पता चलता है कि मोजतबा खामेनेई को भी उसी हमले में निशाना बनाया गया था, जिसमें उनके पिता, परिवार और इस्लामिक रिपब्लिक के नेतृत्व से जुड़े अन्य सदस्य मारे गए थे. 28 फरवरी को स्थानीय समयानुसार सुबह 9:32 बजे जब इजरायली ‘ब्लू स्पैरो’ बैलिस्टिक मिसाइलों ने उनके आवास पर हमला किया, उससे कुछ ही पल पहले वह ‘कुछ काम से’ बाहर चले गए थे.
ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के दफ्तर में प्रोटोकॉल प्रमुख मजाहिर हुसैनी ने वरिष्ठ मौलवियों और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांडरों को संबोधित करते हुए जो भाषण दिया, उससे पहली बार इस बात का विस्तृत ब्योरा सामने आया है कि जब सुप्रीम लीडर के परिसर पर उस दिन हमला हुआ, तो उसके अंदर क्या-क्या हुआ था. मोजतबा खामेनेई को भी उस हमले में टारगेट किया गया था.
ऑडियो लीक में क्या-क्या खुलासा?
उनके भाषण की एक रिकॉर्डिंग ‘द टेलीग्राफ’ के हाथ लगी है. ऑडियो के मुताबिक, मजाहिर हुसैनी ने खुलासा किया कि इन हमलों में मोजतबा खामेनेई के पैर में चोट लगी, जबकि उनकी पत्नी और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई और उनके साले का सिर धड़ से अलग हो गया. खामेनेई के सैन्य ब्यूरो के प्रमुख मोहम्मद शिराज़ी का शव भी टुकड़े-टुकड़े होकर बिखर गया था. 12 मार्च को तेहरान के ‘गोलहक’ इलाके में हुई एक बैठक में हुसैनी ने बताया कि उनकी पहचान करने के लिए उनके शरीर का महज कुछ किलो मांस ही मिल पाया था.
कहां रहते थे मोजतबा खामेनेई?
दरअसल, मौजूदा सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ईरान की राजधानी तेहरान में उसी परिसर में रहते थे, जहां उनके पिता रहते थे. इसी परिसर में एक धार्मिक सभागार भी था, जहां अली खामेनेई भाषण दिया करते थे. साथ ही खामेनेई के अन्य बच्चों के घर भी इसी परिसर में थे. 28 फरवरी को जब मिसाइलों ने परिसर पर हमला किया, उस समय अली खामेनेई और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी एक बैठक के लिए वहां जमा हुए थे.
उस अटैक में कौन-कौन मरा, कैसे बची मोजतबा की जान?
इस हमले में मारे गए लोगों में IRGC प्रमुख मोहम्मद पाकपुर, ईरान के रक्षा मंत्री अजीज नासिरजादेह और अली खामेनेई शामिल थे. हुसैनी ने ऑडियो रिकॉर्डिंग में कहा कि अल्लाह की यही इच्छा थी कि मोजतबा किसी काम से आंगन में टहलने जाएं और फिर वापस लौटें. हुसैनी के मुताबिक, मोजतबा बाहर ही थे और ऊपर की मंजिल की ओर जा रहे थे, तभी इजरायल ने एक मिसाइल से इमारत पर हमला कर दिया. इस अटैक में उनकी पत्नी की उसी वक्त मौत हो गई.
मोजतबा खामेनेई का हेल्थ अपडेट
होसैनी की मानें तो मोजतबा खामेनेई को केवल पैर में मामूली चोट लगी है. अल्लाह का शुक्र है कि उन पर बस थोड़ी धूल और मलबा गिरा, लेकिन वे पूरी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए. होसैनी के मुताबिक, ये हमले ऑफिस कॉम्प्लेक्स के अंदर कई जगहों पर एक साथ किए गए थे और ऐसा लग रहा था कि इनका मकसद पूरे खामेनेई परिवार को खत्म करना था. उन्होंने कहा, ‘इन शैतानों ने ऑफ़िस कॉम्प्लेक्स के अंदर हमले के लिए कई जगहों को चुना था- उनमें से एक जगह सुप्रीम लीडर की थी. उन्होंने उस जगह पर तीन मिसाइलें दागीं.’
कहां हैं मोजतबा खामेनेई?
गौरतलब है कि 28 फरवरी को हुए इन हमलों के बाद से अली खामेनेई के किसी भी दूसरे बच्चे को सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है. जब मोजतबा को सुप्रीम लीडर चुना गया, तब भी किसी ने बधाई संदेश या वफ़ादारी का कोई वादा नहीं किया. खुद मोजतबा खामेनेई भी सार्वजिनक तौर पर अभी तक नहीं दिख पाए हैं. युद्ध शुरू होने के बाद से या उनके चुनाव के बाद के 18 दिनों में उन्हें बिल्कुल भी नहीं देखा गया है. इस दौरान ट्रंप ने दावा किया कि वह कोमा में हैं. हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि वह रूस में हैं और अपना इलाज करवा रहे हैं.





