
Delhi Dallupura Incident: पूर्वी दिल्ली के दल्लुपुरा इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक युवक खुद को गोली मारता हुआ दिखाई दे रहा है. घटना के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
युवक ने खुद को मारी गोली, दोस्त बनता रहा वीडियो
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान पवन के रूप में हुई है और यह घटना न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र की है. शुरुआती जांच में पता चला है कि घटना के समय वहां एक और व्यक्ति मौजूद था, जो इस पूरी घटना का वीडियो बना रहा था. युवक के हाथ में पिस्टल थी, जिसमें वह मैगजीन डाल रहा था. पास खड़ा व्यक्ति उसे ऐसा करने से मना कर रहा था, लेकिन युवक उसकी बात अनसुनी कर देता है. वह बार-बार कहता है कि चलाना मत भाई. लेकिन कुछ ही क्षण बाद वह पिस्टल को अपनी छाती से लगाकर गोली चला देता है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो जाता है.
लाइसेंसी थी इस्तेमाल की गई पिस्टल
घटना के तुरंत बाद युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके. पुलिस जांच में सामने आया है कि इस्तेमाल की गई पिस्टल लाइसेंसी थी और वह वीडियो बना रहे व्यक्ति की बताई जा रही है. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है और घटना के पीछे के सभी संभावित कारणों का पता लगाया जा रहा है. फिलहाल केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है.




