
बिहार की राजधानी पटना से ईद के त्योहार के बीच एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. आलमगंज थाना क्षेत्र के पीरबैस मार्केट के पास शनिवार की शाम एक युवक ने घरेलू विवाद में अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार की ईद की खुशियां मातम में बदल गई हैं.
मृतका की पहचान 24 वर्षीया जेबा परवीन के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, जेबा और उसका पति मोहम्मद सोनू पीरबैस मार्केट के पास एक किराए के मकान में रहते थे. शनिवार की शाम दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई. विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर सोनू ने धारदार चाकू से जेबा पर हमला कर दिया. आरोपी ने महिला के पेट, गर्दन और हाथ पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर कमरे में ही गिर गई.
मासूम बच्चे ने दी जानकारी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया. घटना के समय घर में मौजूद जेबा के चार साल के बेटे ने भागकर पास ही रहने वाली अपनी मौसी के घर जाकर जानकारी दी. बच्चे की बात सुनकर जब परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तो जेबा को खून से लथपथ पाया. आनन-फानन में उसे NMCH (नालंदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल) में भर्ती कराया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही आलमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों के मुताबिक, जेबा की शादी चार साल पहले सोनू से हुई थी. ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। फिलहाल पुलिस घर के आसपास लगे CCTV कैमरों को खंगाल रही है ताकि फरार आरोपी की लोकेशन का पता लगाया जा सके. पुलिस का कहना है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार की तलाश जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.


